More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़सरगुजा के 11 गांवों को मिली बेहतर सड़क सुविधा, बबौली-बिलमा मार्ग का...

    सरगुजा के 11 गांवों को मिली बेहतर सड़क सुविधा, बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण

    रायपुर :  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और दूरस्थ गांवों को बेहतर आवागमन सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति से निर्मित 2.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से क्षेत्र के 11 गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। सड़क के साथ 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण होने से ग्रामीणों को विशेषकर वर्षा ऋतु में आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। इस सड़क के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों के लिए विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच अधिक सुगम होगी।

    सरगुजा के 11 गांवों को मिली बेहतर सड़क सुविधा, बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण

    लगभग 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति से सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण

    लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया। इसके अंतर्गत 2.20 किलोमीटर लंबाई में 3.75 मीटर चौड़ी सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अतिरिक्त मार्ग पर 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है। सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने के साथ ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूती मिली है।

    11 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ

    बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण से ग्राम जोरी, अम्बी, कर्री, पड़ौली, चेंगोरी, कुदर, चन्देश्वरपुर, बबौली, बिलमा, रघुपुर एवं देवसरा सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। इन गांवों के लोगों को दैनिक आवश्यकताओं, शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और स्थानीय बाजारों तक पहुंचने में सुविधा होगी। विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों के लिए बेहतर सड़क संपर्क उपयोगी साबित होगा। सड़क के डामरीकरण से आवागमन अधिक सुविधाजनक होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का आपसी संपर्क भी सुदृढ़ होगा।

    कृषि उपज के परिवहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

    बबौली-बिलमा मार्ग से जुड़े गांवों में कृषि ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार है। बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अपनी कृषि उपज स्थानीय बाजारों एवं मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इसके साथ ही खाद, बीज, कृषि उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्रियों का परिवहन भी सुगम होगा। सड़क निर्माण से परिवहन में लगने वाले समय और परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है। इससे किसानों के साथ स्थानीय व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को गति दी जा रही है। बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूर्ण होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सड़क न केवल 11 गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही को सुगम बनाएगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय व्यापार के लिए बेहतर संपर्क उपलब्ध कराकर क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here