More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़वीबी-जी राम जी योजना से संवर रहे गांव, ग्रामीण विकास के साथ...

    वीबी-जी राम जी योजना से संवर रहे गांव, ग्रामीण विकास के साथ स्थानीय श्रमिकों को मिल रहा रोजगार

    रायपुर : छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में वीबी-जी राम जी योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से गांवों में उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण कर ग्रामीण विकास को नई गति दी जा रही है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नए तालाब, डबरी, कच्ची नाली और बालिका शौचालय सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं स्थानीय श्रमिकों को अपने गांव में ही रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, जल संसाधनों के संरक्षण और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

    जल संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

    योजना के अंतर्गत तालाब और डबरी जैसी जल संरचनाओं का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इन संरचनाओं से वर्षा जल के संचयन, भूजल पुनर्भरण और स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जल संसाधनों का संरक्षण किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगा। वहीं कच्ची नालियों के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने और जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

    गांव में ही रोजगार, ग्रामीण परिवारों की आजीविका को संबल

    ग्रामीण विकास कार्यों का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है। तालाब, डबरी और अन्य निर्माण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों की भागीदारी से उन्हें अपने गांव में ही काम मिल रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ गांवों में उपयोगी और स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो रहा है। योजना के माध्यम से रोजगार सृजन और ग्रामीण अधोसंरचना विकास को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

    अमृत सरोवर में स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों को किया जागरूक

    जल संरक्षण के साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में अमृत सरोवर स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ ग्रामीणों में जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है।

    वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित ये कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं तैयार कर रहे हैं। जल संरक्षण, स्वच्छता, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का यह समन्वित प्रयास आत्मनिर्भर, स्वच्छ और विकसित गांवों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here