कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर अंतर्गत चकेरी थाना क्षेत्र के लाल बंगला स्थित फूल वाली गली में शुक्रवार की देर रात एक डिस्पोजल एवं फूल-माला की दुकान में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस चोरी को किसी अज्ञात बदमाश ने नहीं, बल्कि दुकान में कुछ वर्ष पूर्व काम कर चुके एक पूर्व कर्मचारी ने अंजाम दिया है। आरोपी ने बड़ी ही सफाई से चोरी की घटना को अंजाम दिया, जबकि पीड़ित दुकानदार घटना के वक्त दुकान के बिल्कुल समीप ही सो रहा था।
लाखों की नकदी और चेकबुक ले उड़ा आरोपी
पीड़ित व्यवसायी कुलदीप उर्फ कल्लू माली ने बताया कि वह अपनी दुकान में डिस्पोजल सामानों के साथ-साथ शादी-विवाह के समारोहों के लिए नोटों की मालाएं बनाने का कार्य करते हैं, जिसके चलते दुकान में हमेशा गड्डियों के रूप में पर्याप्त कैश रखा रहता है। शुक्रवार देर रात करीब पौने तीन बजे दुकान का पूर्व कर्मचारी वहाँ पहुँचा। चूंकि वह लगभग पांच वर्ष पूर्व यहाँ काम कर चुका था, इसलिए उसे दुकान के हर कोने और व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। पीड़ित के अनुसार आरोपी दुकान से करीब तीन लाख रुपये की नकदी और बैंक चेकबुक चोरी कर फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात और पुलिस की जांच
यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। चकेरी क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


