मनीला। फिलीपीन की राजधानी मनीला के दक्षिण में स्थित एक एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायु सेना के दो ट्रेनर विमान आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस भीषण हादसे में विमान में सवार चारों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। सेना ने शनिवार को इस दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।
प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार को बटांगास प्रांत में स्थित फर्नांडो एयर बेस के परिसर में हुआ, जहाँ फिलीपीन वायु सेना के दो एसएफ-260 विमान रूटीन ट्रेनिंग उड़ान पर थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों विमान हवा में ही अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए और सीधे एयर बेस के परिसर में ही जा गिरे। गनीमत यह रही कि विमानों के बेस परिसर में गिरने के बावजूद जमीन पर अन्य कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। इस घटना के बाद वायु सेना ने सुरक्षा कारणों के चलते अपने सभी एसएफ-260 ट्रेनर विमानों की उड़ानों पर अगले आदेश तक अस्थायी रोक लगा दी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
फिलीपीन वायु सेना के प्रशिक्षण विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीते मई महीने में भी उत्तरी फिलीपींस के एक पहाड़ी क्षेत्र में एसएफ-260 ट्रेनर विमान के क्रैश होने से दो पायलटों की जान चली गई थी। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में भी एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान एसएफ-260 टीपी मार्केटी विमान दुर्घटना का शिकार हो गया था, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे इन हादसों ने सैन्य विमानों के रख-रखाव और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


