45 वार्डों के विकास, स्वच्छ खैरथल और जाम-अतिक्रमण से मुक्ति के लिए करेंगे काम, ग्रेटर खैरथल के सपने को साकार करना प्राथमिकता
खैरथल। नगर परिषद खैरथल के सभापति विक्रम सिंह चौधरी उर्फ विक्की चौधरी ने नगर परिषद कार्यालय में संतों के सानिध्य, वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद सभापति का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा, पूर्व विधायक रामहेत यादव, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, नगर परिषद के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और समर्थक मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण समारोह में बालकाचार्य बालकदास एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर के महंत पंडित शशि भूषण गल्याण मिश्र का सानिध्य रहा। संतों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई और विक्रम सिंह चौधरी को आशीर्वाद प्रदान किया। सभापति ने संतों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और शहर की सेवा एवं विकास के संकल्प के साथ कार्यभार संभाला। इस दौरान उनके पिताजी रोहिताश चौधर का भी उन्हें आशीर्वाद मिला !
राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा ने विक्रम सिंह चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा कि खैरथल के विकास और शहरवासियों के सपनों को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब सभापति विक्रम सिंह चौधरी के हाथों में है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्री संजय शर्मा और भाजपा परिवार का सहयोग शहर के विकास के लिए निरंतर मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा सबका साथ, सबका विकास के अनुरूप सभी को साथ लेकर चलना है और सामूहिक प्रयासों से ग्रेटर खैरथल के सपने को साकार करना है।
सभापति ने बताया की विकास में भेदभाव नहीं, अतिक्रमण पर सख्ती
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति विक्रम सिंह चौधरी उर्फ विक्की चौधरी ने कहा कि खैरथल के विकास में कोई भेदभाव नहीं होगा। शहर के सभी 45 वार्डों को साथ लेकर विकास कार्य करवाए जाएंगे और स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित खैरथल बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी होगा।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और वार्डों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विकास कार्यों में सभी पार्षदों की सहभागिता रहेगी, ताकि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जा सके। हमारा प्रयास रहेगा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
अतिक्रमण के मुद्दे पर सभापति ने स्पष्ट कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण न करें, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। नियमों के विरुद्ध अतिक्रमण पाए जाने पर नगर परिषद नियमानुसार कार्रवाई करेगी। शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
दीपावली के मद्देनजर सभापति ने शहर में सजावट, यातायात व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर भी प्राथमिकता से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में जाम की समस्या से निपटने, यातायात सुचारू रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका को कम करने के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा। शहरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाएगा।
विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रेटर खैरथल का सपना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे शहर का सपना है। इसे साकार करने के लिए सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को साथ लेकर चलेंगे। हमारा संकल्प है कि खैरथल को स्वच्छता, विकास और बेहतर व्यवस्थाओं के मामले में एक नई पहचान दिलाई जाए। शहर के हित में पूरी निष्ठा से काम करेंगे और जनसेवा को सर्वोपरि रखेंगे।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि खैरथल को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही शहर की तस्वीर बदली जा सकती है।
समारोह में नगर परिषद के पार्षदगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और समर्थक मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


