वन मंत्री ने बीबीरानी में सतीश रामहेत यादव के चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन, सभा में भाजपा नेताओं ने दिखाई एकजुटता
किशनगढ़बास। खैरथल-तिजारा जिले में जिला परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को बीबीरानी में वन मंत्री संजय शर्मा ने जिला परिषद वार्ड संख्या 24 से भाजपा प्रत्याशी सतीश रामहेत यादव के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित सभा में उन्होंने दावा किया कि खैरथल-तिजारा जिले के सभी 25 वार्डों में भाजपा का कमल खिलेगा और गांवों का विकास बिना किसी ब्रेक और अड़ंगे के होगा।

सभा को संबोधित करते हुए संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। अब गांवों में भी ऐसी सरकार बननी चाहिए, जिससे विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आए। उन्होंने मतदाताओं से सभी 25 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनजीत चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, वरिष्ठ नेता संजय नरूका, खैरथल नगर परिषद सभापति विक्रम विक्की चौधरी, किशनगढ़बास नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव सहित जिलेभर के भाजपा नेता मौजूद रहे।
वार्ड 24 से प्रत्याशी सतीश यादव, पूर्व विधायक रामहेत यादव के पुत्र हैं। ऐसे में इस सीट को जिला परिषद चुनाव की महत्वपूर्ण सीट माना जा रहा है। सभा में उमड़ी भीड़ को भाजपा नेताओं ने चुनावी समर्थन का संकेत बताया। अंत में रामहेत यादव और सतीश यादव ने उपस्थित लोगों का आभार जताया।


