दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित ट्रेलर के आगे चल रहे वाहन से टकरा जाने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे के बाद ट्रेलर का केबिन आग का गोला बन गया, जिसमें फंसकर चालक की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई।
केबिन में आग लगने से चालक की दर्दनाक मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में आग भड़क गई और चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मृतक की पहचान रोहित मीणा के रूप में की गई है। टक्कर और आग की भयावहता को देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित रही, जिसे बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर सुचारु कराया गया।


