धनोल्टी। धनतेरस के अवसर पर जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ बाजार में खरीदारों का जनसैलाब उमड़ने से व्यापारिक गतिविधियों में भारी उछाल आया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बाजार में जमकर खरीदारी की, जिससे त्योहार के उत्साह के बीच व्यापारियों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
बर्तनों और आभूषणों की दुकानों पर रही भारी भीड़
थत्यूड़ के ढाणा बाजार और शिव मार्केट में सुबह से ही ग्राहकों की चहल-पहल शुरू हो गई। सबसे अधिक भीड़ बर्तनों और स्वर्ण आभूषणों के प्रतिष्ठानों पर देखी गई, जबकि कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण और कोषाध्यक्ष अभिषेक बढ़ियारी ने बताया कि इस बार व्यापारियों द्वारा दी गई विशेष छूट के कारण ग्राहकों में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
सुचारू यातायात व्यवस्था से खरीदारी हुई आसान
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार और थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने बताया कि धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग मिला। पुलिस की अपील पर टैक्सी यूनियन और स्थानीय व्यापारियों ने अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा किया, जिससे संकरे रास्तों पर जाम नहीं लगा और खरीदारों को सुगम माहौल मिला। धनतेरस की इस शानदार शुरुआत के बाद अब दीपावली को लेकर भी बाजार में बड़ा उत्साह है।


