जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ दीपावली की हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इस पावन पर्व को सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना तथा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताते हुए पर्यावरण अनुकूल तरीकों से उत्सव मनाने की अपील की है।
पर्यावरण अनुकूल दीपावली और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया है। उन्होंने मिट्टी के दीपकों को प्राथमिकता देने, स्थानीय कुम्हारों व हस्तशिल्पियों के उत्पाद खरीदने और वायु तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए केवल ग्रीन पटाखों का उपयोग करने का आग्रह किया है।
विकसित राजस्थान से विकसित भारत का संकल्प
प्रदेश की आर्थिक प्रगति को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सौर एवं पवन ऊर्जा, खनिज संपदा, कृषि तथा पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर सुविधाएं, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और वंचित वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


