More
    Homeराज्ययूपीबाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, अज्ञात वाहन ने राहगीर को...

    बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला; वाराणसी में तीन की गई जान

    वाराणसी। जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार की रात दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं के बाद से पीड़ित परिवारों और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत

    पहली दुर्घटना बीकापुर के सर्विस रोड के पास हुई। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले सुनील साहनी जगतपुर इलाके में रहकर मेहनत-मशक्कत करते थे। रविवार की रात जब वह पैदल कहीं जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक अपनी बाइक को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से भाग निकला।

    त्योहार की खुशियों के बीच परिवार में पसरा मातम

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। मृतक के भाई ने बताया कि सुनील अपने भाइयों में सबसे छोटा था और उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। इस अप्रत्याशित हादसे की खबर मिलते ही माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है, जिससे पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।

    अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दूसरे व्यक्ति की गई जान

    दूसरी दुर्घटना शहावाबाद क्षेत्र में घटी, जहां सड़क पार कर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को किसी भारी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में भी उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को सुरक्षित रखवाया और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। हालांकि, काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्राथमिक जांच में वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।

    पुलिस की कार्रवाई और जांच पड़ताल जारी

    इस मामले में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह का कहना है कि दोनों ही घटनाओं में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बीकापुर हादसे में छोड़ी गई बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही, दूसरे मृतक की शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों में भी संपर्क किया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here