More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशबिरसा मुंडा जयंती पर धार को मिलेगी विकास की सौगात, CM यादव...

    बिरसा मुंडा जयंती पर धार को मिलेगी विकास की सौगात, CM यादव करेंगे सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

    धार। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती अर्थात राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 14, 15 और 16 नवंबर को जबलपुर, धार, जोबट और खंडवा सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भव्य और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टर्स तथा जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को 88 जनजातीय विकासखंडों में आयोजनों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्य समारोह 15 नवंबर को धार जिले में आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

    धार में मुख्यमंत्री का रोड-शो और विकास कार्यों की सौगात

    मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार में एक भव्य रोड-शो करेंगे तथा स्थानीय ग्रामीणों के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद करेंगे और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का फ़ीडबैक लेंगे। वे मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टेधारियों को प्लाट और मकान की रजिस्ट्री का निष्पादन भी स्वयं करवाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जिलेवासियों को करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात सौंपेंगे।

    डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भव्य लोकार्पण

    धार जिले के पुलिस ग्राउंड डही में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव 'डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना' का लोकार्पण करेंगे। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 1353.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह महत्वाकांक्षी परियोजना धार और आलीराजपुर जिलों के 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को रबी सीजन में सिंचाई सुविधा प्रदान करेगी। इस परियोजना से लगभग 1 लाख 26 हजार किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। कातरखेड़ा गांव के समीप नर्मदा नदी से इंटेक संरचना के माध्यम से जल उद्वहन कर अत्याधुनिक भूमिगत पाइपलाइन से पानी सीधे किसानों के खेतों तक पहुँचाया जाएगा, जिससे गेहूं, चना और सब्जियों के उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

    कृषि चौपाल, लाइव प्रदर्शनी और शैक्षणिक संस्थानों में आयोजन

    परियोजना क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों में विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत कृषि चौपाल और पाठशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जहाँ किसानों को उन्नत खेती, जल प्रबंधन और वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रशिक्षण मिलेगा। धार में समारोह स्थल पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभागों के सहयोग से 'स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग' विषय पर विशेष लाइव प्रदर्शनी स्टॉल लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के सभी विभागीय स्कूलों, छात्रावासों और आश्रम शालाओं में 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती धूमधाम से मनाने तथा 16 से 18 नवंबर तक जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित सांस्कृतिक, साहित्यिक और निबंध प्रतियोगिताओं के आयोजन के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here