More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रमुंबई लोकल में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में नया...

    मुंबई लोकल में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में नया मोड़, आरोपी ने मांगी जमानत, परिवार ने किया विरोध

    मुंबई,। मुंबई लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में गिरफ्तार 30 वर्षीय आरोपी रोशन सुवर्णा ने अदालत में जमानत याचिका दायर की है। आरोपी ने दावा किया है कि उसने मयंक की हत्या नहीं की, बल्कि वह दोनों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान वह खुद भी घायल हो गया था। आरोपी का कहना है कि असली हमलावर कोई दूसरा व्यक्ति था, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि, मयंक के परिवार ने आरोपी की जमानत का विरोध किया है। इस याचिका पर 20 नवंबर को सुनवाई होगी। यह घटना 23 जून 2026 की रात अंधेरी से नालासोपारा की ओर जा रही लोकल ट्रेन में हुई थी। 22 वर्षीय मयंक लोहार काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रेन के दरवाजे के पास बारिश का पानी शरीर पर उछलने को लेकर मयंक और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद गोरेगांव और मालाड के बीच लोकल ट्रेन की चेन खींची गई। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने मयंक के सीने और पेट पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मयंक को तत्काल शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

    – आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष
    मामले में गिरफ्तार रोशन सुवर्णा ने अदालत में जमानत की मांग करते हुए कहा है कि मयंक और एक अन्य व्यक्ति के बीच झगड़ा हो रहा था। वह केवल विवाद सुलझाने के लिए बीच में गया था और इस दौरान खुद भी घायल हो गया। उसके अनुसार, असली हमलावर वारदात के बाद फरार हो गया और पुलिस ने उसे गलत तरीके से इस मामले में फंसा दिया। बचाव पक्ष का यह भी कहना है कि रोशन और मयंक एक-दूसरे को नहीं जानते थे। दोनों के बीच कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी और हत्या करने के पीछे कोई पूर्व नियोजित साजिश या मकसद भी नहीं था। बचाव पक्ष ने दावा किया है कि पुलिस को हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद नहीं हुआ है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज में भी चाकू से हमला करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता।

    – मयंक के परिवार ने जमानत का किया विरोध
    दूसरी ओर, मयंक के पिता रमेश लोहार ने अपने वकील प्रिंस कुमार उपाध्याय के माध्यम से आरोपी की जमानत याचिका का विरोध किया है। उन्होंने अदालत में हस्तक्षेप आवेदन दाखिल कर आरोपी को जमानत नहीं देने की मांग की है। परिवार ने आशंका जताई है कि आरोपी को जमानत मिलने पर उन्हें और मामले के गवाहों को खतरा हो सकता है। परिवार की ओर से अदालत में कहा गया कि महज 22 साल के युवक की मामूली विवाद में चलती लोकल ट्रेन में हत्या कर दी गई। इस घटना से एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है। परिवार का दावा है कि मयंक के पास कोई हथियार नहीं था और उसने किसी पर हमला भी नहीं किया था। परिजनों के मुताबिक, यात्रियों द्वारा पहली बार झगड़ा शांत कराने के करीब आठ मिनट बाद रोशन सुवर्णा मयंक के पास पहुंचा। उसने अपने बैग से चाकू निकालकर मयंक पर कई वार किए। इसके बाद यात्रियों को धमकाते हुए वह मौके से फरार हो गया।

    – तकनीकी सबूतों से हुई आरोपी की पहचान
    मयंक के परिवार ने अदालत में दावा किया है कि पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान की थी। डॉक्टरों ने भी मयंक के शरीर पर मिली चोटों और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार के बीच संबंध स्पष्ट किया है। इसके अलावा जिस व्यक्ति से चाकू खरीदा गया था, उस विक्रेता ने भी आरोपी की पहचान की है। अब इस मामले में 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। अदालत आरोपी की जमानत याचिका पर क्या फैसला सुनाती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here