15 नवंबर को प्रताप ऑडिटोरियम में होगा मुख्य आयोजन, उत्कृष्ट फिजियोथेरेपिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर होंगे सम्मानित
अलवर। फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में अलवर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और आधुनिक उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 एवं 15 नवंबर को नेशनल फिजियोकॉन-2026 सीजन-2 का आयोजन किया जाएगा। अलवर एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट एवं लॉर्ड्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ, शोधकर्ता, शिक्षाविद् और विद्यार्थी भाग लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि 14 नवंबर को ऑनलाइन एवं हाइब्रिड मोड में शोध आधारित प्रस्तुतियां और वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 15 नवंबर को प्रताप ऑडिटोरियम में सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा और महापौर सुमन लता अजय अग्रवाल भी मौजूद रहेंगी।
सम्मेलन के दूसरे सत्र में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट फिजियोथेरेपिस्टों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. सचिन अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार तकनीकों और चिकित्सा पद्धतियों का आदान-प्रदान करना है। साथ ही आमजन में फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं को नए शोध एवं तकनीकों से जोड़ना भी आयोजन का उद्देश्य है।


