अलवर। शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बुधवार से 36वीं ऑल राजस्थान कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। 12 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 48 जिलों की बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की 20 जिलों की 20 टीमें तथा बालक वर्ग की 28 जिलों की 28 टीमें भाग ले रही हैं। इस तरह कुल 48 टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। स्टेडियम में कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महासचिव तेजस्विनी सिंह गहलोत और राजस्थान कबड्डी संघ के महासचिव जगदीश फौजी सहित अन्य अतिथियों ने शिरकत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ ही प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।


