More
    Homeराजस्थानअलवरबहू से विवाद के बाद लापता हुई महिला, अजमेर की आनासागर झील...

    बहू से विवाद के बाद लापता हुई महिला, अजमेर की आनासागर झील में मिला शव

    अजमेर। आनासागर झील के बारादरी इलाके में मिले महिला के शव की शिनाख्त कर ली गई है। मृतका की पहचान भीलवाड़ा निवासी 66 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी हीरालाल कोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में बहू से कहासुनी होने के बाद वह नाराज होकर भीलवाड़ा से अजमेर स्थित अपने पीहर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक गंतव्य पर नहीं पहुंचीं। इसके बाद से ही परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे और भीलवाड़ा जीआरपी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। गुरुवार को पति, बेटे और पीहर पक्ष के सदस्यों ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर शव की पुष्टि की, जिसके बाद कृष्णगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी।

    भाईदूज पर मायके जाने को लेकर घर में हुआ था विवाद

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा की सांगानेर कॉलोनी निवासी कमल ने बताया कि 10 नवंबर की सुबह उसकी मां मोहिनी देवी का अपनी बहू से भाईदूज के अवसर पर पीहर जाने की बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गईं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान परिवार के एक सदस्य को वह रेलवे स्टेशन पर नजर आईं, जिसने उन्हें अजमेर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया था।

    शाम तक मायके नहीं पहुंचने पर दर्ज कराई थी गुमशुदगी

    जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मोहिनी देवी भाईदूज के पर्व पर अजमेर के गुलाबबाड़ी क्षेत्र में रहने वाले अपने भाई गणेशराम के घर आना चाहती थीं। परिजनों ने उनके अजमेर के लिए रवाना होने की जानकारी मायके पक्ष को दे दी थी, लेकिन 10 नवंबर की शाम तक भी जब वह वहां नहीं पहुंचीं, तो दोनों परिवारों की चिंता बढ़ गई और भीलवाड़ा जीआरपी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया गया।

    झील तक पहुंचने के कारणों की पड़ताल में जुटी पुलिस

    इधर 11 नवंबर की दोपहर आनासागर झील में बारादरी के पास पानी में एक महिला का शव मिलने के बाद सदर कोतवाली और कृष्णगंज थाना पुलिस लगातार शिनाख्त के प्रयास कर रही थी। गुरुवार सुबह परिजनों द्वारा मोर्चरी में पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है, वहीं अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ट्रेन से अजमेर उतरने के बाद मोहिनी देवी आनासागर झील तक कैसे पहुंचीं और इस घटना के पीछे क्या कारण रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here