More
    Homeराजस्थानजयपुरथार से युवक को दो बार रौंदा, दर्दनाक मौत; बहन बोली- मेरे...

    थार से युवक को दो बार रौंदा, दर्दनाक मौत; बहन बोली- मेरे भाई को इंसाफ दिलाओ

    जयपुर। राजधानी जयपुर के शास्त्रीनगर इलाके में तेज रफ्तार थार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जहां एक बेकाबू वाहन ने सड़क पर पैदल चल रहे 40 वर्षीय व्यक्ति को पहले टक्कर मारी और फिर गाड़ी पीछे लेकर उसे दोबारा कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में गणेश स्वामी नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है और परिजनों व स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

    बहन के घर से लौटते वक्त हुआ हादसा

    यह हृदय विदारक घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे शास्त्रीनगर के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में घटी। मृतक गणेश स्वामी अपनी बहन ललिता के घर पानी पीने गए थे और वहां से लौटते वक्त इस हादसे का शिकार हो गए। बहन ललिता ने बताया कि दोनों के घर आसपास ही हैं और दुर्घटना की आवाज सुनकर जब वह और उनके चचेरे भाई मौके पर पहुंचे, तो गणेश के शरीर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। परिवार ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से साफ इनकार किया है और आरोप लगाया है कि चालक ने जानबूझकर वाहन चढ़ाकर हत्या की है।

    परिवार का इकलौता और संघर्षशील सहारा था गणेश

    परिजनों के मुताबिक, गणेश स्वामी के जन्म से पहले परिवार के 18 बच्चे जीवित नहीं बच पाए थे, जिसके बाद उनके घर गणेश का जन्म हुआ था। मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले गणेश के अचानक चले जाने से उनकी पत्नी आशा, 15 वर्षीय बेटे सन्नी और 12 वर्षीय बेटी मोनिका पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद मृतक की बहन ने बेहद भावुक और आक्रोशित होकर मांग की कि जिस तरह वे अपने भाई की अर्थी और शव को गोद में लेकर बैठी हैं, उसी तरह आरोपी के साथ भी वैसी ही कार्रवाई होनी चाहिए।

    थार जब्त, दो संदिग्ध हिरासत में

    हादसे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर धरने पर बैठ गए। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मौके पर पांच थानों की पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर द्वितीय) बजरंग सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और इस सिलसिले में बंधा बस्ती निवासी शाहरुख तथा अरशद नामक दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    राजधानी में बेकाबू होती थार गाड़ियां

    जयपुर शहर में पिछले कुछ महीनों के दौरान लग्जरी और तेज रफ्तार थार गाड़ियों से जुड़े हादसों में लगातार इजाफा हुआ है:

    • 22 अगस्त: मालवीय नगर में सरस पुलिया के पास थार की टक्कर से स्कूटी सवार छाजू सिंह की मौत।

    • 31 अगस्त: मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास थार ने एसयूवी और ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिसमें तीन लोग घायल हुए।

    • 19 सितंबर: सांगानेर में बिना नंबर की काली थार ने स्कूटी सवार नवल शर्मा को कुचलकर मार डाला।

    • 22 सितंबर: जवाहर नगर के राजापार्क में थार की टक्कर से एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया।

    • 9 नवंबर: जवाहर नगर में सफेद थार की टक्कर के बाद बाइक सवार को घायल छोड़कर चालक फरार हो गया।

    • 12 नवंबर: नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में थार से कुचलकर गणेश स्वामी की हत्या।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here