More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशदिग्विजय सिंह की पदयात्रा बनी कांग्रेस में विवाद की वजह, बड़े नेता...

    दिग्विजय सिंह की पदयात्रा बनी कांग्रेस में विवाद की वजह, बड़े नेता नाराज

    अशोकनगर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा पर निकले हुए हैं। इसी क्रम में वे गुरुवार रात अशोकनगर जिले के सोवत गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपने सियासी सफर के कई अनसुने किस्से साझा किए। वर्ष 1972 का घटनाक्रम याद करते हुए सिंह ने खुलासा किया कि उस दौर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया उन्हें जनसंघ में शामिल कराना चाहती थीं, जबकि गोविंद नारायण सिंह उन्हें कांग्रेस में लाने के पक्षधर थे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि किसी भी दल में जाने से पहले उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महात्मा गांधी, सावरकर, गोलवलकर, डॉ. अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू के साहित्य का गहन अध्ययन किया, लेकिन उन्हें जनसंघ की विचारधारा रास नहीं आई, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा। दूसरी ओर, इस पदयात्रा के जिले में प्रवेश करते ही स्थानीय कांग्रेस संगठन की अंदरूनी खींचतान भी खुलकर सतह पर आ गई है।

    सर्वधर्म समभाव को बताया असली सनातन

    जनसभा में लोगों की जिज्ञासा का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि अक्सर लोग पूछते हैं कि अस्सी वर्ष की आयु में वे इतनी लंबी पदयात्रा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने अपने बचपन के बोर्डिंग स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि वहां सभी धर्मों के बच्चे साथ रहते थे और उन्होंने कभी हिंदू-मुस्लिम के बीच भेदभाव नहीं किया। उनके अनुसार, कांग्रेस की विचारधारा सभी धर्मों के सम्मान पर आधारित है और यही सर्वधर्म समभाव वास्तविक सत्य-सनातन है। संबोधन के अंत में उन्होंने मंच से धर्म की जय हो और अधर्म का नाश हो के नारे भी लगवाए।

    भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

    अपने भाषण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा और तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश ने चंदा दिया, लेकिन इसके निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार हुआ और चढ़ावे की राशि में भी हेराफेरी की गई। सत्ता पक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि वे सत्य को असत्य और असत्य को सत्य साबित करने में माहिर हैं, यही कारण है कि उनके मन में भाजपा के प्रति कभी सम्मान का भाव नहीं रहा।

    वर्ण व्यवस्था और संविधान निर्माण पर रखे विचार

    सनातन परंपरा की व्याख्या करते हुए सिंह ने कहा कि वेदों और श्रीमद्भगवद्गीता के अनुसार वर्ण व्यवस्था जन्म पर नहीं बल्कि कर्म पर आधारित थी। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रूप से अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग का शोषण हुआ तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर नहीं मिले, इसी वजह से महात्मा गांधी और पंडित नेहरू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को संविधान निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी। देश की आजादी में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के बराबर बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गरीबों को कांग्रेस शासन में मिले भूमि पट्टों को निरस्त कर रही है, जिसके खिलाफ संघर्ष करना होगा। उन्होंने दिल्ली में संघर्ष कर रहे राहुल गांधी को मजबूत समर्थन देने का भी आह्वान किया।

    स्वागत बैनरों से जिलाध्यक्ष की तस्वीर गायब

    शुक्रवार को सोवत से रवाना होकर यह पदयात्रा सात गांवों से गुजरते हुए पिपरिया राय गांव में विश्राम के लिए रुकी, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा आज अशोकनगर शहर में प्रवेश करेगी और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद चंदेरी क्षेत्र की ओर प्रस्थान करेगी। हालांकि, एक तरफ दिग्विजय सिंह इस यात्रा के माध्यम से एकजुटता और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं, वहीं शहर में लगे स्वागत होर्डिंग्स और पोस्टरों ने स्थानीय कांग्रेस की गुटबाजी को उजागर कर दिया है। इन बैनरों में पूर्व जिलाध्यक्षों तथा वर्तमान व पूर्व विधायकों की तस्वीरें तो प्रमुखता से लगाई गई हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाह का फोटो ही पूरी तरह गायब कर दिया गया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here