More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशदिग्गज नेताओं के कमजोर पड़ते ही बीजेपी में उभरा नया शक्ति केंद्र

    दिग्गज नेताओं के कमजोर पड़ते ही बीजेपी में उभरा नया शक्ति केंद्र

    इंदौर। इंदौर की राजनीति में कभी दबदबा रखने वाले ताई और भाई के गुट के कमजोर पड़ने के बाद अब शहर में एक नए राजनीतिक समीकरण उभरते हुए दिखाई दे रहे हैं। राज्य सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के धुर विरोधी माने जाने वाले भाजपा नेताओं का एक नया गुट पिछले कुछ दिनों से काफी सक्रिय हो गया है। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन यानी ताई के सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद उनका खेमा लगभग नदारद हो चुका है, जबकि दशकों तक अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाने वाले कैलाश विजयवर्गीय को लेकर भी सत्ता के गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं। पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर यह आंतरिक गुटबाजी अब परदे के पीछे रहने के बजाय खुलकर सतह पर आ गई है।

    एक आयोजन से गरमाई शहर की सियासत

    हाल ही में मंत्री विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र में एक पूर्व पार्षद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जुटे नेताओं के जमावड़े ने इस गुटबाजी को और हवा दे दी है। इस कार्यक्रम में खुद कैलाश विजयवर्गीय तो शामिल नहीं हुए, लेकिन स्थानीय राजनीति में उनके विरोधी माने जाने वाले कई दिग्गज चेहरे वहां जरूर मौजूद थे। इस क्षेत्र में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है, जो नवरात्र के दौरान भव्य चुनरी यात्रा निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन भी कर चुके हैं। पूर्व पार्षद के उस कार्यक्रम में गुप्ता के अलावा भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल और मालिनी गौड़ समेत वे तमाम नेता उपस्थित रहे, जिनके बारे में अक्सर यह चर्चा होती है कि उनकी मंत्री गुट से नहीं बनती है।

    भोपाल यात्रा के दौरान वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात

    हाल ही में मंत्री विरोधी माने जाने वाले इन नेताओं की भोपाल की एक यात्रा ने इस नए पॉवर सेंटर के उभार को और मजबूती दे दी है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के साथ विधायक मनोज पटेल, मालिनी गौड़, सावन सोनकर और एकलव्यसिंह गौड़ की इस यात्रा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि ये नेता एक पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार में हुए शोक कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल गए थे, लेकिन इस दौरान प्रदेश के मुखिया और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात ने सियासी एकजुटता का स्पष्ट संदेश दे दिया है।

    चर्चा का विषय बनी सोशल मीडिया की तस्वीरें

    इन नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, वैसे ही शहर में इस नए सक्रिय गुट की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि खुलकर कोई भी नेता इस पर कुछ बोलने से बच रहा है, लेकिन अंदरखाने यह एकजुटता भाजपा संगठन और शहर के राजनीतिक हलकों में मुख्य चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इंदौर की सियासत में अब एक नया पावर सेंटर तेजी से आकार ले रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here