चार माह तक हुए धार्मिक आयोजन, दसलक्षण पर्व, कवि सम्मेलन और चिकित्सा शिविर रहे आकर्षण
नौगांवा। दिगंबर जैनाचार्य 108 श्री ज्ञानभूषण जी महाराज ससंघ का नौगांवा में चार माह का चातुर्मास शनिवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर आचार्य श्री के मंगल विहार पर जैन समाज ने बैंड-बाजे के साथ भावभीनी विदाई दी। चातुर्मास के दौरान कस्बे में धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ अनेक सामाजिक आयोजन हुए।
चातुर्मास में प्रतिदिन धर्मसभा, प्रवचन, स्वाध्याय, ज्ञान चर्चा और पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। दसलक्षण पर्व, विराट कवि सम्मेलन, आचार्य श्री का केशलोच, सुजोक उपचार एवं प्रशिक्षण शिविर, विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर तथा पिच्छिका परिवर्तन महोत्सव प्रमुख आयोजन रहे। महिलाओं, बच्चों और पुरुषों के लिए अलग-अलग धर्म कक्षाएं भी संचालित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शनिवार को आचार्य श्री ससंघ ने नौगांवासे फिरोजपुर के लिए मंगल विहार किया। जैन समाज के महिला-पुरुषों एवं श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजे के साथ उन्हें विदाई दी। विहार के दौरान ससंघ ने रावली गांव में विश्राम किया। रविवार सुबह यहां से फिरोजपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
समाज के लोगों ने कहा कि चार माह के चातुर्मास में आयोजित धार्मिक गतिविधियों से समाज में धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा बच्चों और युवाओं को जैन धर्म, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिला।


