More
    Homeराजस्थानअलवरमोना गोयल ने संभाला मुसाखेड़ा सरपंच का पदभार, बोलीं- पद नहीं जिम्मेदारी...

    मोना गोयल ने संभाला मुसाखेड़ा सरपंच का पदभार, बोलीं- पद नहीं जिम्मेदारी है, विकास कागजों में नहीं जमीन पर दिखेगा

    परदादा रामसहाय गोयल की 55 साल पुरानी विरासत को आगे बढ़ाया, एमए शिक्षित युवा सरपंच ने गांव की तस्वीर बदलने का किया वादा

    मिशनसच न्यूज, किशनगढ़ बास।

    पंचायत समिति किशनगढ़ बास की ग्राम पंचायत मुसाखेड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच मोना गोयल ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्यों, पूर्व सरपंच सुरेंद्र शर्मा सहित सैकड़ों समर्थकों और ग्रामीणों की मौजूदगी रही। करीब 55 साल बाद अपने परदादा रामसहाय गोयल की राजनीतिक एवं सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिलने पर मोना गोयल भावुक नजर आईं।

    पदभार ग्रहण करने से पहले नवनिर्वाचित सरपंच मोना गोयल ने गांव के शिव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह पंचायत भवन पहुंचीं, जहां पंचायत सचिव आकाश बेनीवाल ने उन्हें विधिवत रूप से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण कराया।

    इस दौरान समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। पदभार ग्रहण समारोह में गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

    शिक्षित और युवा नेतृत्व से ग्रामीणों को विकास की उम्मीद

    ग्रामीणों ने कहा कि मोना गोयल एमए शिक्षित और युवा हैं। उनसे उम्मीद है कि वह अपनी शिक्षा, अनुभव और विकास की सोच के साथ ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी निभाएंगी। ग्रामीणों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में गांव की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।

    55 साल बाद परिवार की विरासत संभालकर भावुक हुईं मोना

    सरपंच मोना गोयल ने कहा कि करीब 55 साल बाद अपने परदादा रामसहाय गोयल की विरासत को संभालना उनके लिए गर्व और भावुकता का विषय है। उनके परदादा ने गांव की सेवा की थी। आज इतने वर्षों बाद गांव ने उसी परिवार की बेटी को सेवा का अवसर दिया है।

    उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं चाहती हूं कि गांव के लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरी उतरूं।”

    सफाई, पानी, सड़क और स्ट्रीट लाइट पर रहेगा फोकस

    मोना गोयल ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि सबसे पहले गांव की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़कों और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गांव में होने वाले विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनका असर जमीन पर दिखाई देगा।

    उन्होंने कहा कि वह एमए शिक्षित हैं और सरकारी योजनाओं की जानकारी रखती हैं। उनका प्रयास रहेगा कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहे।

    सबकी बेटी बनकर करूंगी गांव की सेवा

    नवनिर्वाचित सरपंच ने कहा कि गांव उनके लिए एक परिवार की तरह है। वह किसी एक वर्ग या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव की सरपंच हैं। उन्होंने कहा, “मैं किसी की सरपंच नहीं, सबकी बेटी बनकर काम करूंगी। गांव के विकास के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। मेरा लक्ष्य मुसाखेड़ा ग्राम पंचायत को एक आदर्श पंचायत बनाना है।”

    उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि गांव की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFD1B1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशन सच नेटवर्क
    https://missionsachnetwork.com

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here