बास कृपाल नगर में 19वां विशाल मल्टी एवं सुपर स्पेशलिस्ट निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, दो दिन में 583 मरीजों की जांच, 62 मरीज नेत्र ऑपरेशन के लिए चयनित
मिशनसच न्यूज, किशनगढ़ बास।
मुंबई के सैफी अस्पताल में जहां देशभर से बड़े-बड़े लोग इलाज कराने पहुंचते हैं, उसी अस्पताल में न्यूरो सर्जन एवं यूनिट हेड के पद पर कार्यरत डॉ. नूतन शर्मा साल में एक बार अपनी जन्मभूमि लौटते हैं। यहां उनका न कोई बड़ा पद होता है और न ही किसी वीआईपी की पहचान। यहां वह सिर्फ अपने गांव के बेटे होते हैं, जो स्टेथोस्कोप लेकर अपने लोगों की सेवा में जुट जाते हैं। अपनी इस सेवा भावना के साथ वह दूसरे नामी चिकित्सकों को भी गांव में बुलाते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और उपचार मिल सके।
यह कहानी किशनगढ़ बास नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड स्थित गांव बास कृपाल नगर की है, जहां 19वां विशाल मल्टी एवं सुपर स्पेशलिस्ट निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
19 साल से जारी है सेवा का सिलसिला
शिविर का आयोजन जन कल्याण एवं शिक्षा विकास समिति बास कृपाल नगर और डॉ. श्रॉफ धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय अलवर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। 14 और 15 तारीख को आयोजित दो दिवसीय शिविर में सुबह से ही मरीजों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे।
शिविर में डॉ. नूतन शर्मा के साथ डॉ. योगेंद्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलवर, डॉ. सोनम गुप्ता, डॉ. मेघा गुप्ता, डॉ. पीयूष गुप्ता, डॉ. चंद्रेश यादव, डॉ. हंसराज यादव और डॉ. लक्ष्य सहित चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श दिया। साथ ही जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया।
583 मरीजों की जांच, 62 नेत्र ऑपरेशन के लिए चयनित
शिविर व्यवस्थापक दयाराम कुचलिया ने बताया कि दो दिनों में कुल 583 मरीजों की जांच की गई। इनमें से 62 मरीजों को नेत्र ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया है। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके गांव के नजदीक ही उपलब्ध हो सकीं।
डॉक्टरों के साथ ग्रामीण भी बने सेवा के भागीदार
इस शिविर की खास बात यह रही कि इसमें सिर्फ चिकित्सकों ने ही नहीं, बल्कि गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी सेवाएं दीं। किसी ने मरीजों का रजिस्ट्रेशन संभाला तो किसी ने उन्हें चिकित्सकों तक पहुंचाने में मदद की। ग्रामीणों ने मरीजों के लिए पानी की व्यवस्था की और दवा वितरण में भी सहयोग किया।
पूरे शिविर के दौरान गांव के लोग सेवा भाव से जुटे नजर आए। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले 19 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह शिविर अब पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुका है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और दवाइयों का लाभ मिल रहा है।
पद और शोहरत से बड़ा गांव से जुड़ाव
डॉ. नूतन शर्मा की यह पहल बताती है कि सफलता और बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी अपनी जन्मभूमि और समाज के प्रति जिम्मेदारी को नहीं भुलाया जाना चाहिए। मुंबई जैसे महानगर के प्रतिष्ठित अस्पताल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनका अपने गांव के लोगों से जुड़ाव बरकरार है।
उनकी इस पहल से न केवल हजारों जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिला है, बल्कि गांव के युवाओं और समाज के लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरणा मिली है। ग्रामीणों के लिए डॉ. नूतन शर्मा सिर्फ एक बड़े अस्पताल के न्यूरो सर्जन नहीं, बल्कि गांव के ऐसे बेटे हैं जो हर साल अपनी जन्मभूमि लौटकर अपने लोगों की सेहत और खुशहाली के लिए समय निकालते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFD1B1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशन सच नेटवर्क
https://missionsachnetwork.com


