फगवाड़ा । लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के शांति देवी मित्तल इंडोर स्टेडियम में खेली जा रही तीसरी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दिन रविवार को पुरुष एकल में तीन बड़े उलटफेर देखने को मिले। 10वीं वरीयता प्राप्त सुधांशु ग्रोवर, 11वीं वरीयता प्राप्त सौरव साहा और 13वीं वरीयता प्राप्त मोहम्मद अली को गैरवरीय खिलाड़ियों के हाथों हारकर प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। वहीं, महिला एकल में क्वालीफाइंग दौर में मनिका बत्रा को हराने वाली कर्नाटक की हिमांशी चौधरी ने मुख्य दौर में भी जीत दर्ज कर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
पुरुष एकल के राउंड ऑफ 64 में एलआईसी के सौगाता सरकार ने सुधांशु ग्रोवर को हराया, जबकि मध्यप्रदेश के सौम्यदीप सरकार ने सौरव साहा को पराजित किया। तमिलनाडु के के. अक्षय भूषण ने तेलंगाना के मोहम्मद अली को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। हालांकि, अन्य 13 वरीय खिलाड़ियों ने अपने मुकाबले जीतकर राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली।
:: हिमांशी ने फिर चौंकाया, महिला वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले ::
महिला एकल के राउंड ऑफ 128 में 23 मुकाबले खेले गए। शीर्ष 16 वरीय खिलाड़ियों को पहले दौर में बाय मिला है। कर्नाटक की हिमांशी चौधरी ने पश्चिम बंगाल की नंदिनी साहा को 3-2 से हराया। हिमांशी ने इससे पहले क्वालीफाइंग दौर में दिग्गज खिलाड़ी मनिका बत्रा को पराजित कर उलटफेर किया था। काजोल रामजाली ने पश्चिम बंगाल की बियास पॉल को पांच गेम के संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराया, जबकि सेनहोरा डीसूजा ने सौम्या दास को शिकस्त दी। तमिलनाडु की नित्याश्री मणि, चंडीगढ़ की वाणी शर्मा और बीएनएस थानुजा ने भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
:: राहुल मलिक और आकाश पाल को भी मिली जीत ::
पुरुष एकल के अन्य मुकाबलों में पंजाब के राहुल मलिक ने महाराष्ट्र के नील मुल्ये को कड़े संघर्ष में पराजित किया। रेलवे के आकाश पाल ने एफसीआई के प्रनीत भास्कर को हराया। पुनीत बिस्वास ने अर्नव कर्नावर और अनीश सोंटकक्के ने सार्थ मिश्रा को 3-1 से शिकस्त दी। जी. साथियान ने कर्नाटक के पी. यशवंत को सीधे गेमों में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अगले चरण में पुरुष एकल के राउंड ऑफ 32 के मुकाबले खेले जाएंगे।
राष्ट्रीय टेबल टेनिस में उलटफेर, तीन वरीय खिलाड़ी बाहर


