More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशविद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और...

    विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और नवाचार जरूरी : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

    भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जीवन की वास्तविक चुनौतियों के प्रभावी ढंग से समाधान के लिए व्यवहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और नवाचार की क्षमता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व है कि वे शिक्षा और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में ठोस प्रयास करें। शिक्षा की समग्रता, गुणवत्ता और रोजगार आधारित होने के साथ ही वर्तमान संदर्भों में प्रासंगिक हो। विद्यार्थियों को वर्तमान की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाए। भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करें।

    राज्यपाल पटेल सोमवार को जीवाजी विश्वविद्यालय ग्‍वालियर के 62वे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने समारोह में विद्यार्थियों को स्‍वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान की। इस अवसर पर राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे।

    राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का महान संकल्प है, जो भारत को एक बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के साथ हर नागरिक के सम्मान और समृद्धि से जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने कर्म, चरित्र और नवाचार से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान दें। राज्यपाल पटेल ने विद्यार्थियों को कहा कि सरल और सफल जीवन जीने के लिए शिक्षा व संस्कार आचरण में दिखने चाहिए। व्यक्तिगत प्रगति के साथ माता-पिता, परिवार, गुरूजन एवं समाज और देश के कल्याण के लिये भी काम करना चाहिए।

    राज्‍यपाल पटेल ने कहा कि विद्यार्थी हमेशा ध्यान रखें कि मशीनें काम को सरल बना सकती हैं, पर मानवीय संवेदना, विवेक और नैतिकता का स्थान कभी नहीं ले सकतीं। उन्‍होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ संवाद की कला, टीम भावना, समझ और कठिन समय में सही निर्णय लेने के लिए जरूरी गुणों का विकास करें। राज्यपाल पटेल ने सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर दीक्षांत समारोह का शुभारंभ किया। उन्‍होंने विश्वविद्यालय परिसर में पौधा रोपा। विश्वविद्यालय की स्मारिका का लोकार्पण किया।

    राज्‍य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा का सदुपयोग समाज और राष्‍ट्र के समावेशी विकास में करें। वे जिस भी क्षेत्र या व्यवसाय में जाएं वहां पर नैतिकता और मानवता को हमेशा सर्वोच्‍च प्राथमिकता के साथ प्रस्तुत करें।

    सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरू डॉ. आलोक त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को सफल जीवन के सूत्र बताए। उन्‍होंने कहा कि चरित्र ही सबसे बड़ी उपाधि है। संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

    कार्यक्रम में जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को दीक्षांत उपदेश दिया। स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्राप्तकर्ता विद्यार्थियों को शिक्षा के सदुपयोग की प्रतिज्ञा भी दिलाई। कार्यक्रम का प्रारंभ व समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व कुलपति और राजनयिक प्रो. आई.एस. चौहान, विश्‍वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, कार्यपरिषद के सदस्यगण, विभागाध्यक्ष, आचार्यगण, छात्र-छात्राएं और उनके परिजन मौजूद थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here