16 वर्ष पूर्व शुरू हुई सेवा यात्रा 200 कन्याओं तक पहुंची, केक काटकर मनाई उपलब्धि
अलवर। सहयोग सेवा संस्थान की ओर से रविवार को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित ए.आर.जी. फ्लैट्स में एक अभावग्रस्त कन्या के विवाह में सहयोग के लिए मायरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के लिए यह विशेष अवसर रहा, क्योंकि 16 वर्ष पूर्व शुरू की गई मायरा सेवा की पहल अब 200 कन्याओं तक पहुंच गई है। इस उपलब्धि पर केक काटकर खुशी मनाई गई। कार्यक्रम में सहयोग सेवा संस्थान ने ए.आर.जी. फ्लैट्स सोसाइटी के सहयोग से कन्या को 22,100 रुपये नकद राशि के साथ वॉशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर, प्रेस, कंबल, चादरें, 20 साड़ियां, डिनर सेट, स्टील के बर्तन सहित अनेक घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात कवि विनीत चौहान एवं वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र भारद्वाज उपस्थित रहे। अध्यक्षता ए.आर.जी. फ्लैट्स सोसाइटी के अध्यक्ष जगदीश रावत एवं संरक्षक मोतीलाल विजय ने की। उल्लेखनीय है कि सहयोग सेवा संस्थान पिछले 16 वर्षों से सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय है। संस्थान की ओर से मायरा कार्यक्रम के अलावा ‘सच्चे नवरात्रि’, ‘सार्थक दिवाली’, ‘सामूहिक जन्मोत्सव एवं जन्माष्टमी कार्यक्रम’ तथा ‘परिंडा वितरण कार्यक्रम’ सहित विभिन्न सेवा कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष पूजा गुप्ता सहित मधु खंडेलवाल, शिखा गुसाईं, धर्मवीर यादव, शकुन गुप्ता, दीप्ति जसोरिया, प्रमिला गुप्ता, मुरारी लाल गुप्ता, हरीश जसोरिया, अमित कुमार, योगिता डाटा, नरेंद्र खंडेलवाल, तृप्ति महावर, कृष्णा खंडेलवाल, संतोष खंडेलवाल, विजय गुप्ता, कृष्ण अग्रवाल, करण छाबड़ा, नरेश जैन, विपिन जैन एवं ए.आर.जी. सोसाइटी के अनेक निवासी मौजूद रहे।
संस्थान की यह पहल बेटियों के विवाह में सहयोग के साथ समाज में सेवा, सहयोग और बेटियों के सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रेरणादायी उदाहरण बनी।


