उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा बुधवार को अपने साथी खिलाड़ियों के साथ धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे और श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। सभी क्रिकेटर्स ने मंदिर की भव्य संध्या आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान ईशांत शर्मा नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ आरती करते दिखाई दिए। दर्शन और पूजन के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए ईशांत शर्मा ने अपना आध्यात्मिक अनुभव साझा किया और कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर मन को अत्यंत सुकून मिला है। उन्होंने आरती के समय की दिव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि उस क्षण ऐसा महसूस होता है मानो साक्षात महाकाल विराजमान हों। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की और देश भर के श्रद्धालुओं से उज्जैन आकर बाबा के दर्शन करने का आग्रह किया।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
दिल्ली क्रिकेट के कई युवा और चर्चित खिलाड़ी रहे साथ
ईशांत शर्मा के साथ दिल्ली क्रिकेट से जुड़े कई अन्य खिलाड़ी भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे थे। इनमें प्रियांश आर्य, विजय दहिया, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, मयंक रावत, यश धुल, अनुज रावत, केशव दबास और तेज गेंदबाज मयंक यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे। आमतौर पर क्रिकेट के मैदान पर अपनी फिटनेस और खेल कौशल के लिए सुर्खियों में रहने वाले ये सभी खिलाड़ी मंदिर परिसर में पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आए। खिलाड़ियों की मौजूदगी के चलते मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखा गया और सभी ने नंदी हॉल से संध्या आरती का लाभ लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति ने किया स्वागत
क्रिकेटर्स के उज्जैन आगमन के अवसर पर जिला प्रशासन तथा महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के वरिष्ठ अधिकारी भी वहां उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने खिलाड़ियों से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने समस्त खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें सुगम दर्शन करवाने में सहयोग प्रदान किया।


