आजमगढ़। आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई, जिसके बाद पीछे से आ रहे कई अन्य वाहन भी आपस में भिड़ते चले गए। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
कम दृश्यता के कारण वाहनों की श्रृंखलाबद्ध टक्कर
यह दुर्घटना मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के समीप घटित हुई। सुबह के समय धुंध छाए रहने के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी, जिससे निजी बस के चालक को आगे चल रहा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया और बस सीधे उससे जा भिड़ी। बस के टकराने के बाद पीछे से आ रहे वाहनों पर नियंत्रण नहीं रह सका और वे भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। इस हादसे में दो बसें और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा और बहाल कराया यातायात
घटना की जानकारी मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने का प्रबंध किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर आवागमन सुचारू करने की कवायद की गई, हालांकि हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा।


