भोपाल। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों से वर्ष 2021 से 2025 के बीच परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले लगभग 30 से 35 लाख विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उनकी अंकसूची, डिग्री और शैक्षणिक क्रेडिट संबंधी विवरण डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सकेंगे।
तकनीकी बाधाओं के चलते लंबे समय से डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पा रहे रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने के लिए केंद्र सरकार ने शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा की बाध्यता समाप्त कर दी है। इसके साथ ही एनएडी-डिजीलॉकर और एबीसी पोर्टल को पुनः खोल दिया गया है।
लाखों विद्यार्थियों को सीधा लाभ और 31 जनवरी 2027 तक समयसीमा
इस निर्णय का सीधा फायदा प्रदेश के 19 सरकारी विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के दायरे में आने वाले संस्थानों और स्वशासी महाविद्यालयों के छात्रों को मिलेगा। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों को लंबित शैक्षणिक डेटा तत्काल अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं।
राज्य में यह सुविधा प्रारंभ हो चुकी है और 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी। डेटा अपलोड होने के उपरांत स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों की अंकसूची व डिग्री आधार आईडी से लिंक होकर डिजीलॉकर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाएंगी।
नवंबर 2025 से बाधित था डेटा अपलोड
केंद्र सरकार के जोनल कोऑर्डिनेटर अभिनव शर्मा के मुताबिक, शैक्षणिक वर्ष की समय-सीमा की रोक के कारण संस्थान नवंबर 2025 से परीक्षा वर्ष 2021 से 2024 तक का डेटा अपलोड नहीं कर पा रहे थे। इसी तरह जून 2026 से परीक्षा वर्ष 2025 का डेटा अपलोड होना भी रुक गया था। विश्वविद्यालयों के पास रिकॉर्ड तैयार होने के बावजूद छात्रों को डिजिटल मार्कशीट और डिग्री नहीं मिल पा रही थी तथा एबीसी खाते में शैक्षणिक क्रेडिट जुड़वाने में भी कठिनाई आ रही थी।
दस्तावेज सत्यापन में आसानी और हेल्पलाइन की व्यवस्था
इस व्यवस्था के शुरू होने से रोजगार, उच्च शिक्षा में दाखिला, क्रेडिट ट्रांसफर और दस्तावेज सत्यापन के लिए छात्रों को विश्वविद्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि 31 जनवरी 2027 के बाद रिकॉर्ड अपलोड करने की अवधि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। संस्थानों की तकनीकी दिक्कतों के निराकरण के लिए सोमवार से शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वर्चुअल हेल्प सेशन आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, डिजीलॉकर या एबीसी आईडी में डेटा अपडेट न होने की स्थिति में विद्यार्थी टोल-फ्री नंबर 1800-889-3511 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा आधिकारिक सपोर्ट पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


