पटना। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 4 से 15 दिसंबर 2026 तक सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से भव्य पटना पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण कार्य शुरू हो गया। 42 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाला यह मेला इस वर्ष बिहार गीत के रचयिता लोककवि सत्यनारायण को समर्पित होगा। मेले की थीम जॉय ऑफ रीडिंग, बियॉन्ड बुक्स रखी गई है। सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रत्नेश्वर ने बताया कि इस बार मेले में 200 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें राजकमल, वाणी, प्रभात, ज्ञानपीठ, साहित्य अकादमी, एनबीटी और अन्य प्रमुख प्रकाशक शामिल होंगे। पहली बार पाठकों की सुविधा के लिए बुक गाइड की व्यवस्था होगी, जो नई पुस्तकों और लेखकों से रूबरू कराएंगे। मेले में युवाओं के लिए शब्दांकुर, चिट्ठियां और यूथ पोडियम जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, 70 से अधिक स्कूलों के करीब चार हजार बच्चे हुनर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। फिल्म महोत्सव सिनेमा-उनेमा में अभिनेता राजेश कुमार को प्रथम शिखर सम्मान से नवाजा जाएगा। इसके अलावा कला दीर्घा, स्वास्थ्य संवाद और दो दिवसीय बिहार संवादी भी आकर्षण का केंद्र होंगे। बारह दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 500 से अधिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें करीब छह हजार विशेषज्ञ, कलाकार और अतिथि शामिल होंगे। साहित्य, पत्रकारिता और कला जगत की कई चर्चित हस्तियां भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। आगंतुकों के लिए स्वाद विहार में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के विभिन्न पकवानों का स्वाद लेने की व्यवस्था रहेगी। पुस्तक प्रेमियों के लिए यह मेला साहित्य, संस्कृति, कला और मनोरंजन का बड़ा मंच बनेगा।


