हाथरस। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने मुरसान के प्राथमिक विद्यालय दयालपुर, जीएसएएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं इंटर कॉलेज तथा सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज और उच्च प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ से नए मतदाता बनाने, नाम हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि बिना समुचित सत्यापन किसी भी मतदाता का नाम सूची में न जोड़ा जाए और न हटाया जाए। सभी आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग समय से कराई जाए तथा बीएलओ घर-घर जाकर छूटे पात्र मतदाताओं को चिह्नित करें। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 28 और 29 नवंबर को भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। डीएम ने नागरिकों से अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक, एसडीएम सासनी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


