More
    Homeराज्यबिहारझारखंड के पूर्व CM अर्जुन मुंडा को मातृशोक, मां ने दुनिया को...

    झारखंड के पूर्व CM अर्जुन मुंडा को मातृशोक, मां ने दुनिया को कहा अलविदा

    रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा (92) का निधन हो गया है। परिवार के सदस्यों ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। अर्जुन मुंडा के परिवार के एक सदस्य के मुताबिक, उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते सायरा मुंडा को लगभग पंद्रह दिन पहले जमशेदपुर स्थित एक अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उन्होंने रविवार देर रात करीब एक बजे अंतिम सांस ली। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने लिखा कि उनके जाने से न केवल मां के स्नेह का साया सिर से उठ गया है, बल्कि जीवन का सबसे मजबूत संबल भी चला गया है। उनके साथ होने से हर बड़ी चुनौती छोटी और हर पीड़ा हल्की महसूस होती थी।

    हेमंत सोरेन और रघुवर दास ने जताई गहरी संवेदना

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा की मां के देहांत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में सोरेन ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और अपने बड़े भाई अर्जुन मुंडा की मां के निधन की सूचना से उन्हें अत्यंत दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन की एक ऐसी कमी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा और पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोक में डूबे परिवार को इस बड़े दुख को सहने का संबल प्रदान करें।

    पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मां का प्रेम, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति हैं। उन्होंने कामना की कि मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।

    स्वर्णरेखा घाट पर होगा अंतिम संस्कार

    परिवार के एक अन्य सदस्य ने जानकारी दी कि सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा। निधन की खबर मिलते ही अर्जुन मुंडा के निवास पर बीजेपी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिवार के शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है, जो शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here