नांदेड़। महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहना योजना को लेकर राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि इस योजना के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति पर काफी दबाव पड़ा है, लेकिन अब सरकार इस योजना से पीछे नहीं हट सकती। चुनाव से पहले किसी ने इस योजना के बारे में नहीं बताया था, लेकिन अब बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं, ऐसे में उन्हें योजना से अलग करना संभव नहीं है। मंत्री नरहरि झिरवाल नांदेड़ जिले के लोहा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोल रहे थे। मंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में लाडकी बहना योजना के आर्थिक बोझ को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि योजना के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति पर दबाव जरूर बढ़ा है, लेकिन सरकार इससे निपटने का रास्ता निकालेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य नेताओं के नेतृत्व में सरकार एकजुट होकर काम कर रही है। इसलिए किसी भी चुनौती का सामना करने में सरकार पीछे नहीं हटेगी।
लाडकी बहनों को अब अलग नहीं कर सकते
मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले किसी ने नहीं बताया था कि इस तरह की योजना शुरू करनी पड़ेगी, लेकिन महायुति सरकार ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहना योजना शुरू की। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि योजना को जारी रखना भी चुनौती है और इसे बंद करना भी आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि योजना को लेकर सरकार की हालत ऐसी हो गई है कि न निगलते बन रहा है और न उगलते। बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना से जुड़ चुकी हैं, इसलिए अब उन्हें इससे अलग नहीं किया जा सकता।
सूखे ने बढ़ाई सरकार की चिंता, पानी पहुंचाने पर खर्च होगा भारी बजट
मंत्री झिरवाल ने राज्य में संभावित सूखे की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लाडकी बहना योजना के कारण पहले से ही सरकारी खजाने पर आर्थिक दबाव है। ऐसे में यदि राज्य में पानी का संकट गंभीर होता है, तो सरकार के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। उन्होंने वर्ष 1972 के भीषण सूखे का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय खाद्यान्न की कमी एक बड़ी समस्या थी, लेकिन आज स्थिति अलग है। वर्तमान समय में अनाज की उतनी समस्या नहीं है, जितनी गंभीर चुनौती पानी की कमी बन सकती है। झिरवाल ने कहा कि यदि पेयजल संकट गहराता है, तो प्रभावित इलाकों तक पानी पहुंचाने के लिए रेलगाड़ी या विमान जैसे विकल्पों का सहारा लेना पड़ सकता है। ऐसी व्यवस्था करने में सरकार को भारी धनराशि खर्च करनी होगी। इसके चलते इस साल ही नहीं, बल्कि अगले साल भी राज्य को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सूखे से निपटने के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी। राज्य की जनता को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे और सरकार हर परिस्थिति से निपटने का रास्ता निकालेगी।
योजना और आर्थिक संकट के बीच सरकार के सामने दोहरी चुनौती
एक तरफ लाडकी बहना योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता जारी रखने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ संभावित सूखे और जल संकट से निपटने के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार के सामने वित्तीय संतुलन बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। मंत्री नरहरि झिरवाल के बयान ने एक बार फिर राज्य की आर्थिक स्थिति और सरकारी योजनाओं पर होने वाले खर्च को लेकर बहस तेज कर दी है।


