भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नए निर्देशों के अनुसार, अब प्रश्नपत्रों में दो अंक वाले अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में मिलने वाला आंतरिक विकल्प ('अथवा') समाप्त कर दिया गया है। 17 फरवरी 2027 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र इसी नए प्रारूप के आधार पर तैयार किए जाएंगे।
सिर्फ 2 अंकों के प्रश्नों पर लागू होगा नया नियम नए पैटर्न के तहत यदि परीक्षा में 2 अंक का कोई प्रश्न छात्र को नहीं आता है, तो उसके पास दूसरा सवाल चुनने का विकल्प नहीं रहेगा। इससे अब चुनिंदा अध्यायों या गिने-चुने प्रश्नों को पढ़कर परीक्षा में अच्छे अंक लाना आसान नहीं होगा। हालांकि, बोर्ड ने यह स्पष्ट किया है कि केवल 2 अंक वाले प्रश्नों से ही आंतरिक विकल्प हटाया गया है। तीन अंक वाले लघु उत्तरीय और चार अंक वाले दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में विद्यार्थियों को पहले की तरह आंतरिक विकल्प की सुविधा मिलती रहेगी। इसके अतिरिक्त, एनएसक्यूएफ (NSQF) यानी कौशल आधारित विषयों में पांच अंक के दीर्घ उत्तरीय और सात अंक के निबंधात्मक प्रश्नों में भी आंतरिक विकल्प का लाभ जारी रहेगा।
नए ब्लूप्रिंट और सैंपल पेपर का इंतजार दो अंक वाले प्रश्नों में विकल्प समाप्त होने से अब छात्रों को पाठ्यक्रम के प्रत्येक अध्याय और टॉपिक की गहराई से तैयारी करनी होगी, क्योंकि किसी भी हिस्से को छोड़ने से सीधे तौर पर अंकों पर असर पड़ सकता है। दूसरी ओर, परीक्षा पैटर्न में हुए इस बदलाव के बाद अब विद्यार्थियों को बोर्ड द्वारा जारी किए जाने वाले नए ब्लूप्रिंट और मॉडल सैंपल पेपर का इंतजार है, ताकि विषयवार अंक विभाजन और प्रश्नपत्र की नई संरचना को समझकर वे परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें।


