More
    Homeमायावती का सियासी सूर्यास्त...

    मायावती का सियासी सूर्यास्त…

    जिस बीएसपी ने सत्ता की चूलें हिलाईं, आज लड़ रही अस्तित्व की लड़ाई

     

    “सामाजिक न्याय की राजनीति से सत्ता के शिखर तक पहुंचीं मायावती के सामने आज सबसे बड़ा सवाल है कि क्या उन्होंने बहुजन आंदोलन को अपनी राजनीतिक विरासत में बदल दिया, या पार्टी को एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द सीमित करके उसकी ताकत कमजोर कर दी?”  – के. पी. मलिक

     

    भारतीय राजनीति में कुछ नेता केवल चुनाव नहीं लड़ते, बल्कि राजनीति की दिशा और सत्ता के सामाजिक समीकरण बदल देते हैं। मायावती ऐसी ही नेता रही हैं। एक साधारण परिवार से निकलकर चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफर सामाजिक संघर्ष, राजनीतिक महत्वाकांक्षा, सत्ता के प्रयोग और विवादों से भरा रहा है। उन्होंने उस वर्ग को सत्ता में हिस्सेदारी का सपना दिखाया, जिसे दशकों तक राजनीति में केवल वोट बैंक समझा जाता रहा। लेकिन आज वही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। सवाल है कि जिस आंदोलन ने कभी उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई पहचान दी, वह अपनी जमीन क्यों खोता चला गया?

     

    मायावती के सियासी सफ़र की शुरुआत 1977 में कांशीराम से मुलाकात के बाद एक निर्णायक मोड़ पर पहुंचा। शिक्षक बनने और सिविल सेवा की तैयारी करने का सपना देखने वाली मायावती ने मान्यवर कांशीराम के विचारों से प्रभावित होकर सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष का रास्ता चुना। 1984 में बसपा की स्थापना इसी वैचारिक संघर्ष का परिणाम थी। पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों और वंचित समुदायों को राजनीतिक रूप से संगठित करना था।

     

    साल 1995 में उत्तर प्रदेश की पहली दलित महिला मुख्यमंत्री बनना भारतीय राजनीति की ऐतिहासिक घटना थी। हालांकि उनका पहला कार्यकाल अल्पकालिक रहा। इसी दौर में लखनऊ का गेस्ट हाउस कांड हुआ, जिसने सपा-बसपा संबंधों में ऐसी कड़वाहट पैदा की, जिसका असर दशकों तक दिखाई दिया। मुलायम सिंह यादव और मायावती की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता उत्तर प्रदेश की राजनीति का स्थायी अध्याय बन गई।

     

    मायावती ने परिस्थितियों के अनुसार भाजपा के साथ भी गठबंधन किया और सत्ता में भागीदारी की। यही उनकी राजनीति का व्यावहारिक पक्ष था, लेकिन इसने उनकी वैचारिक राजनीति पर भी सवाल खड़े किए। राजा भैया के खिलाफ कार्रवाई, ताज कॉरिडोर विवाद और भ्रष्टाचार के आरोपों ने उनके शासन को लगातार विवादों में रखा। हालांकि इन विवादों के बीच यह भी सच है कि उनके शासनकाल में दलित प्रतीकों, स्मारकों और सार्वजनिक पहचान को राजनीतिक महत्व मिला।

     

    साल 2007 का विधानसभा चुनाव मायावती के राजनीतिक जीवन का स्वर्णिम अध्याय था। दलित-ब्राह्मण सामाजिक समीकरण ने राजनीति के स्थापित गणित को ध्वस्त कर दिया। बसपा ने 206 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया। यह केवल चुनावी जीत नहीं थी, बल्कि यह संदेश था कि सामाजिक गठबंधन के नए प्रयोग से सत्ता की पारंपरिक सीमाएं तोड़ी जा सकती हैं। मायावती को राष्ट्रीय राजनीति में प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार के रूप में भी देखा जाने लगा।

     

    लेकिन यहीं से एक बड़ा विरोधाभास सामने आया। जिस पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व और सामूहिक नेतृत्व की राजनीति का दावा किया था, वह धीरे-धीरे अत्यधिक केंद्रीकृत होती चली गई। संगठन में आंतरिक लोकतंत्र कमजोर हुआ, स्थानीय नेतृत्व को पर्याप्त स्वतंत्रता नहीं मिली और राजनीतिक निर्णयों का केंद्र एक व्यक्ति बन गया। स्मारकों और पार्कों पर भारी खर्च तथा सत्ता के कथित वैभव ने भी उनकी सामाजिक न्याय की राजनीति को आलोचना के घेरे में ला दिया।

     

    साल 2012 की हार ने इस गिरावट का संकेत दिया। 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा एक भी सीट नहीं जीत सकी, हालांकि उसका वोट प्रतिशत उल्लेखनीय बना रहा। 2019 में अखिलेश यादव के साथ गठबंधन ने नई उम्मीद जगाई। सपा-बसपा और रालोद ने मिलकर भाजपा को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। गठबंधन टूट गया और तीनों दल अपनी-अपनी राजनीतिक राह पर लौट गए।

     

    2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा का एक सीट पर सिमट जाना महज चुनावी हार नहीं थी। यह उस सामाजिक आधार में आई दरार का संकेत था, जिसे मायावती कभी अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती थीं। इस बीच अखिलेश यादव की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति ने बसपा के पारंपरिक सामाजिक समीकरण को नई चुनौती दी। दलित युवाओं का एक हिस्सा अब नए राजनीतिक विकल्पों की ओर देख रहा है। चंद्रशेखर आजाद जैसे नेताओं का उभार और इसी वोट के सहारे लोकसभा पहुंच जाना भी इस बदलाव का संकेत है। जबकि दूसरी ओर मायावती के भतीजे आकाश आनंद को आगे बढ़ाने की कोशिश से बसपा में नेतृत्व की अगली पीढ़ी तैयार करने की उम्मीद जरूर बनी, लेकिन उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर उठे सवालों और संगठनात्मक अनिश्चितता ने पार्टी की चुनौतियां बढ़ाई हैं।

     

    2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मायावती के लिए केवल एक और चुनाव नहीं होगा, बल्कि उनकी राजनीतिक विरासत की परीक्षा भी होगा। उन्हें तय करना होगा कि बसपा को केवल चुनावी मशीन बनाकर रखना है या फिर उसे जमीनी आंदोलन के रूप में दोबारा खड़ा करना है। दलित समाज को सिर्फ अतीत की उपलब्धियों की याद दिलाकर उसका विश्वास वापस नहीं जीता जा सकता। इसके लिए नए नेतृत्व, स्थानीय संघर्ष, युवाओं की भागीदारी, संगठनात्मक लोकतंत्र और रोजमर्रा के सामाजिक-आर्थिक सवालों पर सक्रिय राजनीति जरूरी है।

     

    बहरहाल, बीएसपी सुप्रीमो मायावती की सबसे बड़ी चुनौती भाजपा या सपा से मुकाबला करना भर नहीं है, बल्कि अपने वोटर में उस राजनीतिक भरोसे को वापस हासिल करना है, जिसे कभी बसपा ने दलित समाज के भीतर पैदा किया था।” इतिहास गवाह है कि सत्ता तक पहुंचने के लिए आंदोलन की ताकत जरूरी होती है, लेकिन सत्ता में टिके रहने के लिए संगठन और नेतृत्व की दूसरी पीढ़ी तैयार करनी पड़ती है। मायावती ने बहुजन समाज को सत्ता का सपना तो दिखा दिया, लेकिन अब बड़ा सवाल है कि क्या वह उस सपने को अपने बाद भी जीवित रखने वाली राजनीतिक व्यवस्था बना पाई हैं? अगर इसका जवाब नहीं है, तो बसपा का संकट केवल चुनावी नहीं, वैचारिक और संगठनात्मक भी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here