More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव की हलचल तेज, 8 जिलों में निर्दलीय...

    राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव की हलचल तेज, 8 जिलों में निर्दलीय निर्णायक

    जयपुर। पंचायत चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद अब प्रदेश में जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सियों पर कब्जा जमाने के लिए सियासी दांव-पेच तेज हो गए हैं। एक तरफ जहां निर्वाचित सदस्यों की बाड़ेबंदी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर खरीद-फरोख्त और प्रशासनिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप भी लग रहे हैं। बुधवार को होने वाले जिला प्रमुख के मतदान से पहले कांग्रेस ने अपने सदस्यों को टूट से बचाने के लिए कड़ा पहरा बिठा दिया है। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस ने 23, भाजपा ने पांच और आरएलपी ने एक परिषद में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि शेष आठ सीटों पर निर्दलीय और क्रॉस वोटिंग हार-जीत तय करेंगे। इस बीच दोनों प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल बांटने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

    बीकानेर में कांग्रेस सदस्य की गुमशुदगी पर बवाल

    बीकानेर जिला परिषद के वार्ड संख्या नौ से चुनी गईं कांग्रेस सदस्य मैना देवी के लापता होने और कथित अपहरण का मुद्दा अब तूल पकड़ चुका है। कोलायत तहसील के भोलासर निवासी उनके पति नेमाराम ने जेएनवीसी थाने में पत्नी के अपहरण का केस दर्ज करवाया है। इस शिकायत में नोखा विधायक सुशीला डूडी, भंवर कूकणा, बिशनाराम सियाग समेत 10-12 अन्य लोगों को नामजद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआइडी-सीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश मीणा ने बताया कि मैना देवी को ढूंढने के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वहीं, इस घटना के विरोध में सोमवार को राष्ट्रीय सर्व मेघवंश महासभा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया।

    डोटासरा का आरोप: 60 लाख के ऑफर और पुलिस का दबाव

    कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को पार्टी वॉररूम में भरतपुर जिला परिषद के 18 विजयी कांग्रेस सदस्यों को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने दावा किया कि भरतपुर में कांग्रेस के 21 सदस्य जीते हैं, जिनमें से तीन सदस्यों अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू को भाजपा ने अपने पाले में करने के लिए उठा लिया है और उन्हें 60-60 लाख रुपये तक का प्रलोभन दिया जा रहा है। डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की साख बचाने के लिए भाजपा बिना बहुमत के भी पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर सदस्यों को डरा-धमका रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भरतपुर के सदस्य चार-पांच दिनों से चौमूं के एक होटल में ठहरे थे, जहां स्थानीय सीआइ और डीएसपी ने होटल प्रबंधन व सदस्यों पर दबाव बनाया। इसके अलावा उन्होंने डीग जिला परिषद के तीन कांग्रेस सदस्यों को एक बच्ची की हत्या से जुड़ी एफआइआर और उसमें नामजद मौलवी के मामले के जरिए प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।

    कम बहुमत के बावजूद 12-13 जिलों पर भाजपा की नजर

    भले ही भाजपा को सिर्फ पांच जिला परिषदों में पूर्ण बहुमत मिला हो, लेकिन पार्टी 12 से 13 जिलों में अपने जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा का पूरा ध्यान उन जिलों पर है, जहां वह बहुमत से महज दो-तीन सीटें पीछे है या जहां निर्दलीय सदस्य समीकरण बदल सकते हैं। पार्टी ने सभी संभाग प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बाकी जिलों में समर्थन जुटाने की हरसंभव कोशिश करें और उन जगहों पर सेंधमारी की संभावना तलाशें जहां कांग्रेस में गुटबाजी है। चुनाव चिह्न संभाग प्रभारियों को सौंप दिए गए हैं, जिन्हें चुनाव प्रभारी रिटर्निंग अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।

    लगभग सभी परिषदों में प्रत्याशी उतारेगी भाजपा: राठौड़

    भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि पार्टी लगभग सभी जिला परिषदों में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में गहरी आपसी फूट है और आरक्षित वर्ग की सीटों पर भी कांग्रेस के असंतुष्ट सदस्य भाजपा के साथ आने को तैयार हैं। राठौड़ के अनुसार, पार्टी गठबंधन के विकल्पों पर भी विचार कर रही है और मंगलवार रात तक सभी जगह की तस्वीर साफ हो जाएगी। भाजपा ने बीकानेर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह के साथ-साथ भरतपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर और डीग के राजनीतिक समीकरणों पर भी विशेष नजर रखी हुई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here