अमेठी। जिले के राजाफत्तेपुर अंतर्गत अहोरवा भवानी कस्बे में मंगलवार रात लगभग 10 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक बाइक पर सवार शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर फर्सी निवासी 18 वर्षीय यशराज तथा गोधना मजरे दान्दूपुर निवासी 28 वर्षीय रमाशंकर की जान चली गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार इन्हौना थाना क्षेत्र के शहादतगंज मजरे डांगी बरवलिया निवासी 20 वर्षीय नागेश की भी मृत्यु हो गई।
अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान तीनों युवकों ने तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अहोरवा भवानी की तरफ से आ रही राइडर बाइक और इन्हौना की दिशा से आ रही हीरो पैशन प्लस बाइक के बीच भीषण भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों की सहायता से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नागेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं नाजुक हालत में यशराज और रमाशंकर को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों युवकों की भी मौत हो गई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक दुर्घटना के वक्त युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। क्षेत्राधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में विवरण एकत्र किया जा रहा है और मामले में जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर बाइक से गिरने से महिला की मृत्यु
एक अन्य सड़क दुर्घटना में अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर पीपरपुर बाजार के समीप मोटरसाइकिल से गिर जाने के कारण धम्मौर निवासी 48 वर्षीय पूनम सिंह की मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीपरपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।


