भोपाल। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल से उत्तर प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी अब पहले के मुकाबले कहीं अधिक तेज और सहज होने वाली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-934 के मोहारी-सतई घाट हिस्से को दो लेन से बढ़ाकर चार लेन में तैयार किया है। लगभग 710 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 39.5 किलोमीटर लंबे खंड के शुरू होने से पहाड़ी मार्ग का सफर डेढ़ से दो घंटे के बजाय करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इसका सीधा लाभ भोपाल-कानपुर कॉरिडोर से सफर करने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को प्राप्त होगा।
अब तक इस मार्ग पर तंग सड़क, तीखे घुमाव, एस-बेंड और कम विजिबिलिटी के चलते वाहन चालकों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ती थीं। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण इस खंड को पार करने में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता था। फोरलेन के निर्माण के दौरान सड़क का अलाइनमेंट दुरुस्त किया गया है। आवश्यकता के हिसाब से पहाड़ियों की कटाई और घाटी वाले क्षेत्रों में भराव किया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ मोड़ों पर दृश्यता और सुरक्षा भी बेहतर हुई है।
10-11 घंटे में पूरी होगी यात्रा
एनएचएआई के मुताबिक भोपाल-कानपुर कॉरिडोर के विभिन्न खंडों के विकसित होने से प्रमुख शहरों के बीच लगने वाले सफर के वक्त में भी कमी आएगी। भोपाल से कानपुर पहुंचने में पहले 12 से 13 घंटे लगते थे, जो घटकर करीब 7 से 8 घंटे रह जाएगा। इसी प्रकार इंदौर से कानपुर का सफर 16 से 18 घंटे के बजाय 10 से 11 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है।
सागर से खजुराहो पहुंचने में पहले 4 से साढ़े 4 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी 2 से ढाई घंटे में तय हो सकेगी। सागर से छतरपुर की यात्रा भी साढ़े 3 से 4 घंटे के स्थान पर डेढ़ से 2 घंटे में पूरी होने का अनुमान जताया गया है।
19 बस शेल्टर बनाए गए
इस परियोजना में 39.5 किलोमीटर मुख्य मार्ग के निर्माण के साथ 26 किलोमीटर सर्विस व स्लिप रोड भी तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त 17 किलोमीटर सड़क का उन्नयन और हिरापुर बायपास का निर्माण भी इस योजना के अहम हिस्से हैं। इससे कस्बाई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम करने और स्थानीय वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
यात्रियों और वाहन चालकों की सहूलियत के लिए एक ट्रक ले-बाय, 19 बस शेल्टर और 22 जंक्शन तैयार किए गए हैं। मार्ग पर 61 पुलिया, 10 छोटे पुल और तीन बड़े पुल बनाए गए हैं। सुरक्षित यातायात के लिए आठ वाहन अंडरपास, पांच हल्के वाहन अंडरपास और एक ओवरपास का निर्माण किया गया है।
सात एनिमल अंडरपास
पहाड़ी और वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर पर्यावरण सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए सात एनिमल अंडरपास बनाए गए हैं। पहाड़ी ढलानों पर मिट्टी व पत्थरों के खिसकने और भूस्खलन के खतरे को घटाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। इसके अंतर्गत स्लोप स्टेबलाइजेशन, गैबियन वॉल, जियोग्रिड और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था की गई है, जिससे पहाड़ी ढलानों को मजबूती मिलेगी और मिट्टी का कटाव रोकने में सहायता मिलेगी।
खजुराहो, पन्ना और ओरछा पहुंचना आसान
मोहारी-सतई घाट खंड सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग का अहम हिस्सा है। इसके बेहतर होने से बुंदेलखंड का महोबा, बांदा और कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से जुड़ाव और मजबूत होगा। इसका फायदा खजुराहो, पन्ना टाइगर रिजर्व, ओरछा और छतरपुर के भीमकुंड जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले सैलानियों को भी मिलेगा।


