More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशभोपाल एयरपोर्ट पर शिवराज की सिक्योरिटी में बड़ी चूक, बिना सूचना विमान...

    भोपाल एयरपोर्ट पर शिवराज की सिक्योरिटी में बड़ी चूक, बिना सूचना विमान बदला

    भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। भोपाल स्थित राजा भोज हवाई अड्डे पर पूर्व सूचना के बिना उनका विमान बदल दिया गया और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए उन्हें आम यात्रियों की भीड़ के बीच से विमान तक पहुंचाया गया। इस पूरे प्रकरण को लेकर केंद्रीय मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव श्रीकेश लाठकर को पत्र लिखकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।

    बिना पूर्व सूचना के विमान और सीट में बदलाव

    यह घटनाक्रम 23 नवंबर का बताया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसके अंतर्गत यात्रा के दौरान कड़े सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है। मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर यह शिकायत की गई है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय कृषि मंत्री इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 6E-6259 से सफर करने वाले थे। आरोप है कि एयरलाइन द्वारा बिना कोई जानकारी दिए न केवल विमान बदल दिया गया, बल्कि उनकी आवंटित सीट संख्या में भी परिवर्तन कर दिया गया।

    भीड़भाड़ वाले एयरोब्रिज से गुजारने और प्रोटोकॉल चूक का आरोप

    शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुरक्षा नियमों को दरकिनार करते हुए मंत्री चौहान को यात्रियों की भारी भीड़ से भरे एयरोब्रिज के रास्ते विमान तक ले जाया गया, जिसके चलते उनके सुरक्षा घेरे को बीच में ही थमना पड़ा। इसके अलावा पत्र में लिखा गया है कि हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं था, जिससे काफी असुविधा हुई। एटीएम सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल कर्मचारियों की गैरमौजूदगी के कारण मंत्री के सुरक्षाकर्मियों को स्वयं ही उनका सामान उठाकर ले जाना पड़ा।

    पहले से सूचना होने के बावजूद बरती गई लापरवाही

    सुरक्षा रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास से प्रस्थान करने से पूर्व ही सीआईएसएफ अधिकारियों, एयरपोर्ट प्रबंधन, एटीएम तथा इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों को उनकी यात्रा के संबंध में अवगत करा दिया गया था। इसके बावजूद हवाई अड्डे पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही और सुरक्षा मानकों में बड़ी चूक देखने को मिली।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here