आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान श्री वेंकटेश्वर मंदिर में सोना और आभूषण चढ़ाने की परंपरा सदियों पुरानी है. इस परंपरा का एक बेहद खास अध्याय विजयनगर साम्राज्य के महान सम्राट श्री कृष्णदेवराय से जुड़ा है. करीब 513 साल पहले उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को ऐसा स्वर्ण मुकुट भेंट किया था, जो हीरे, माणिक्य, पन्ना और मोतियों जैसे बेशकीमती रत्नों से सजा था. अब पांच शताब्दी बाद चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने 121 किलो सोने के आभूषण भगवान को अर्पित कर इस स्वर्णिम परंपरा को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.
1513 में भगवान के दरबार में पहुंचे थे सम्राट
ऐतिहासिक अभिलेखों के मुताबिक, श्री कृष्णदेवराय 10 फरवरी 1513 को पहली बार अपनी दो रानियों तिरुमलादेवी और चिन्नादेवी के साथ तिरुमला मंदिर पहुंचे थे. इसी यात्रा के दौरान उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को सोने का नवरत्न मुकुट अर्पित किया, जिसे ‘रत्न किरीटम’ कहा जाता है. मंदिर की दीवारों पर आज भी तेलुगु, कन्नड़ और तमिल भाषाओं में शिलालेख मौजूद हैं, जो उनके दान का प्रमाण हैं. इतिहासकारों का मानना है कि ये शिलालेख दक्षिण भारतीय मंदिर इतिहास में शाही भक्ति के सर्वश्रेष्ठ अभिलेखों में से हैं.
मुकुट में जड़े थे हजारों हीरे-जवाहरात
इस मुकुट की सबसे बड़ी खासियत इसमें जड़े कीमती रत्न हैं. तिरुमला मंदिर के इतिहास पर आधारित पुस्तक The Festivals of Tirumala: A History में इसके रत्नों का विस्तृत विवरण मिलता है.
मुकुट में बताए गए रत्नों की संख्या इस प्रकार है:
– 2,822 माणिक (रूबी)
– 1,339 मोती
– 423 हीरे
– 160 पन्ने (एमराल्ड)
– 17 लहसुनिया
– 10 नीलम
– तीन बड़े माणिक
इतने कीमती रत्नों से सजा यह मुकुट उस दौर के विजयनगर साम्राज्य की आर्थिक समृद्धि, शिल्पकला और धार्मिक परंपरा की झलक दिखाता है.
7 बार भगवान के दर्शन करने पहुंचे कृष्णदेवराय
श्री कृष्णदेवराय केवल एक शक्तिशाली योद्धा और कुशल प्रशासक ही नहीं थे, बल्कि भगवान वेंकटेश्वर के बड़े भक्त भी माने जाते थे. ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, उन्होंने 1513 से लेकर 1521 के बीच अपने शासनकाल में सात बार तिरुमला की यात्रा की और हर बार भगवान के चरणों में बहुमूल्य भेंट अर्पित की. उन्होंने भगवान के लिए सोने के आभूषण, रत्नजड़ित तलवार, स्वर्ण पात्र और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं भी भेंट की थीं. उनकी रानियों ने भी मंदिर में सोने के पात्र अर्पित किए थे. 2 जनवरी 1517 को सम्राट ने अपनी दोनों रानियों के साथ मंदिर परिसर में अपनी और रानियों की तांबे की प्रतिमाएं भी स्थापित करवाई थीं.
श्री कृष्णदेवराय ने 1509 से 1529 के बीच विजयनगर साम्राज्य पर शासन किया, जब इस क्षेत्र में समृद्धि और भक्ति का बोलबाला था. मंदिरों की यात्रा के दौरान, कृष्णदेवराय भक्ति के प्रतीक के रूप में सोने, चांदी, बहुमूल्य पत्थरों और जटिल आभूषणों सहित भव्य भेंट लाते थे. मंदिर के एक शिलालेख में प्रतापरुद्र गजपथीरा पर विजय प्राप्त करने के बाद कृष्णदेवराय की तिरुमाला यात्रा का वर्णन है. इसमें उदयगिरि पर उनकी विजय का भी उल्लेख है. कृष्णदेवराय की उदारता केवल आभूषणों के दान तक ही सीमित नहीं थी. उन्होंने मंदिर की संपत्ति और रखरखाव में योगदान दिया, जिससे तिरुमाला आध्यात्मिकता के केंद्र के रूप में फलता-फूलता रहा. मंदिर के अंदर, निकास गलियारे के पास आज भी कृष्णदेवराय और उनकी रानियों की छोटी-छोटी मूर्तियाँ स्थापित हैं. ये मूर्तियां ना केवल सम्राट की स्मृति को संजोए रखती हैं, बल्कि तीर्थयात्रियों को प्रेरणा भी देती रहती हैं.
क्या आज भी वही 500 साल पुराना मुकुट मौजूद है?
यह सवाल भी लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है. मंदिर के ऐतिहासिक शिलालेखों में कृष्णदेवराय के मुकुट का उल्लेख जरूर मिलता है, लेकिन आज मंदिर में मौजूद किसी मुकुट को बिना संदेह वही मूल मुकुट बताना ऐतिहासिक रूप से उचित नहीं होगा. साल 2010 में हुई आभूषणों की जांच में एक ऐसे मुकुट का उल्लेख आया था, जिसे 1945 में मंदिर प्रशासन ने पुराने मुकुट के आधार पर दोबारा तैयार कराया था. उसमें मूल मुकुट से समानता बताई गई थी. मंदिर प्रशासन के पुराने बयानों में भी मुकुट के पुनर्निर्माण का जिक्र मिलता है.
वर्धमान जैन का 121 किलो सोने का महादान
अब 26 नवंबर 2026 को उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण अर्पित किए. इनकी अनुमानित कीमत 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में यह भेंट मंदिर प्रशासन को सौंपी गई. इसमें भगवान के लिए मुकुट, हार, बाजूबंद, कमरबंद, पायल और शंख-चक्र के स्वर्ण आभूषण शामिल हैं. कुल 121 किलो सोने में से 106 किलो से तिरुमला के भगवान वेंकटेश्वर के लिए आभूषण बनाए गए हैं, जबकि 15 किलो सोने का इस्तेमाल तिरुचानूर मंदिर में देवी पद्मावती के लिए किया जाएगा.


