More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रट्रैक्टर मार्च को लेकर बैठक में भिड़े सुप्रिया सुले और रोहित पवार,...

    ट्रैक्टर मार्च को लेकर बैठक में भिड़े सुप्रिया सुले और रोहित पवार, मतभेदों की चर्चा तेज

    मुंबई। शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के भीतर आंतरिक खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आती दिख रही है। गुरुवार को राज्य में सूखे के प्रभाव से किसानों को पेश आ रही दिक्कतों पर चर्चा के लिए बुलाई गई पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और विधायक रोहित पवार के बीच तीखी नोकझोंक होने की जानकारी सामने आई है। चर्चा है कि विदर्भ में रोहित पवार द्वारा शीर्ष नेतृत्व से बिना विचार-विमर्श किए ट्रैक्टर रैली की घोषणा करने और प्रदर्शन में पार्टी के नाम व चुनाव चिह्न का प्रयोग न करने के निर्णय से सुप्रिया सुले खफा थीं।

    बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक सुप्रिया सुले ने साफ कहा कि पार्टी के बैनर तले किसी भी आंदोलन या राजनीतिक आयोजन की रूपरेखा तय करने से पहले वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति लेना आवश्यक है। उन्होंने रोहित पवार के एकतरफा कदम पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी दर्ज कराई।

    4 दिसंबर से बुलढाणा से नागपुर तक ट्रैक्टर मार्च प्रस्तावित

    दरअसल 22 नवंबर को एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने विदर्भ के जिला व शहर अध्यक्षों की बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में उन्होंने किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 4 दिसंबर से छह दिवसीय ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की थी। यह मार्च बुलढाणा से रवाना होकर नागपुर तक पहुंचने वाला है।

    सूत्रों के अनुसार रोहित पवार ने इस प्रदर्शन की घोषणा से पहले सुप्रिया सुले तथा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से बातचीत नहीं की थी। इसके अलावा उन्होंने यह भी साफ कर दिया था कि किसानों के इस आंदोलन में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का उपयोग नहीं होगा। उनका तर्क था कि किसानों के सवाल का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए और आंदोलन पूरी तरह किसानों के मुद्दों पर केंद्रित रहना चाहिए।

    बिना चर्चा फैसले लेने पर सुप्रिया सुले का सवाल

    रोहित पवार के इस निर्णय पर बैठक में सुप्रिया सुले ने सख्त आपत्ति जताई। जानकारियों के अनुसार उन्होंने रोहित से पूछा कि पार्टी में किसी से विचार-विमर्श किए बगैर इतना बड़ा कदम कैसे उठाया जा सकता है। उन्होंने यह भी प्रश्न किया कि संगठन का नेता किसी आंदोलन की योजना बनाते समय पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को कैसे अलग रख सकता है।

    इस पर रोहित पवार ने भी पलटवार करते हुए सवाल किया कि यदि पार्टी नेतृत्व आंदोलन में हिस्सा लेने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगा तो क्या स्थिति बनेगी। दोनों नेताओं के बीच तकरार बढ़ती देख वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने बीच-बचाव किया और माहौल को शांत कराया। उन्होंने चर्चा को संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की कार्यप्रणाली की दिशा में मोड़ने का प्रयास किया।

    पार्टी के नाम व चिह्न के बिना आंदोलन पर अड़े रोहित

    बताया जा रहा है कि सुप्रिया सुले की असहमति के बावजूद रोहित पवार अपने स्टैंड पर कायम हैं। उनका मानना है कि प्रदर्शन में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न के इस्तेमाल से प्रतिद्वंद्वियों को राजनीतिक निशाना साधने का अवसर मिल सकता है, इसलिए वे चाहते हैं कि किसानों की तकलीफें ही आंदोलन का प्रमुख विषय रहें।

    सुप्रिया सुले और रोहित पवार के बीच पुराने मतभेद

    सुप्रिया सुले और रोहित पवार के बीच नीतिगत विषयों और सार्वजनिक बयानों को लेकर मतभेद पहली बार नहीं उभरे हैं। इससे पहले भी दोनों के बीच भिन्न-भिन्न राजनीतिक दृष्टिकोण देखे जा चुके हैं।

    पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के पूर्व अध्यक्ष अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु के प्रकरण में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए आरोपों से सुप्रिया सुले ने स्वयं को तथा पार्टी को अलग कर लिया था। इसके कुछ समय बाद पुणे में बढ़ते अपराध को देखते हुए सुप्रिया सुले ने फडणवीस से पुणे के प्रभारी मंत्री का दायित्व संभालने का आग्रह किया था, जबकि रोहित पवार ने सार्वजनिक रूप से उनके इस रुख को विनाशकारी बताया था।

    कांग्रेस से नजदीकियों की अटकलें

    शरद पवार के पोते रोहित पवार लगातार महाराष्ट्र की भाजपा सरकार के खिलाफ तीखा रुख अपनाते रहे हैं। संगठन के भीतर भी कुछ नेताओं का मानना है कि उनका राजनीतिक झुकाव धीरे-धीरे कांग्रेस की तरफ बढ़ रहा है। वे पार्टी के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के निर्णय से भी असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। ऐसे में शरद पवार के बाद संगठन के प्रमुख फैसलों की कमान संभाल रहीं सुप्रिया सुले से उनका यह टकराव आने वाले दिनों में कौन-सा रुख अख्तियार करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here