भोपाल। बीते कुछ वर्षों से मध्य प्रदेश में अवैध और नकली शराब से जुड़े कई मामले प्रकाश में आए हैं। हाल ही में प्रदेश के सागर और देवास जिलों में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। अब शासन अवैध और जहरीली शराब के मामलों में सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश सरकार आबकारी अधिनियम 1915 में संशोधन करने जा रही है। नए प्रावधान लागू होने के बाद अवैध और जहरीली शराब के निर्माण या बिक्री से किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर दोषियों पर पहले की तुलना में 4 गुना से लेकर 10 गुना तक अधिक जुर्माना लगाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार आबकारी अधिनियम 1915 में बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और यह संशोधन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिशा-निर्देश में किया जा रहा है। नियमों में फेरबदल की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस नए कानून को स्वीकृति के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा, और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही प्रदेश में यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।
नए आबकारी कानून में संभावित बदलाव
नए आबकारी प्रावधानों के तहत शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाने या घटाने को लेकर कोई सीधा नियम नहीं रहेगा, क्योंकि इसे सरकार की नीति का हिस्सा माना जाएगा। सार्वजनिक स्थान पर मदिरापान करने पर अब छह माह के कारावास के स्थान पर केवल अर्थदंड लग सकता है। शराब के व्यवसाय में महिलाओं को रोजगार देने पर सरकार ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया है, जिसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ा गया है।
आदिवासी क्षेत्रों को पेसा कानून के अंतर्गत मिली छूट यथावत बनी रहेगी। बार में संगीत बजाने को वैधता नहीं दी जाएगी और वहां अश्लीलता पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। निवास स्थान पर निर्धारित सीमा से अधिक शराब मिलने पर अर्थदंड होगा, जबकि व्यावसायिक उपयोग में पकड़े जाने पर कारावास का प्रावधान हो सकता है। इसके अलावा जुर्माने के दायरे में 90 प्रतिशत तक की वृद्धि होने से शासन के राजस्व में भी इजाफा होगा।
अवैध शराब पर अब नहीं मिलेगी ढील
वर्तमान व्यवस्था में अवैध शराब पकड़े जाने पर उतनी सख्ती नहीं बरती जाती और अधिकतर मामलों में हल्का जुर्माना तथा छह महीने से एक वर्ष तक की सजा ही हो पाती है। अब सरकार अवैध शराब तैयार करने, सामग्री पहुंचाने, परिवहन करने और बिक्री करने वाले पूरे तंत्र के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की योजना बना रही है।


