हर माह गांवों और शहरों में लगेंगे निःशुल्क जनस्वास्थ्य जागरूकता शिविर, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जाएगा जागरूक
खैरथल। स्वदेशी चिकित्सा एवं प्राकृतिक उपचार पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से खैरथल में एक नई पहल की शुरुआत की गई है। स्वदेशी विचारक स्व. राजीव भाई दीक्षित की 15वीं पुण्यतिथि एवं 67वें जन्मदिवस समारोह के अवसर पर उनके विचारों और स्वदेशी चिकित्सा संबंधी मुहिम को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ राज जन स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक चिकित्सा समिति, खैरथल का गठन किया गया।
समिति की ओर से प्रत्येक माह रविवार को खैरथल-तिजारा जिले के अलग-अलग गांवों और शहरों में निःशुल्क जनस्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, गंभीर बीमारियों से बचाव और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समिति की ओर से बताया गया कि यह अभियान राजीव भाई दीक्षित के सहयोगी डॉ. बिश्वरूप राय चौधरी (बीआरसी) के स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के आधार पर संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वदेशी चिकित्सा एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
समिति ने क्षेत्र के जागरूक नागरिकों, महिलाओं, पुरुषों और युवाओं से अपील की है कि वे अपनी दैनिक व्यस्तताओं में से समय निकालकर इन निःशुल्क शिविरों में भाग लें। साथ ही स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें।


