More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर में संयुक्त शासन सचिव से स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की मुलाकात

    जयपुर में संयुक्त शासन सचिव से स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की मुलाकात

    स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति ने IAS भास्कर सांवत को अलवर में 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। समिति ने जताया आभार।

    जयपुर में संयुक्त शासन सचिव भास्कर सावंत से गौरव उत्सव समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, 15 अगस्त को अलवर में होने वाले कार्यक्रम का दिया निमंत्रण

    मिशनसच न्यूज, जयपुर। राजस्थान सरकार में संयुक्त शासन गृह सचिव आईएएस भास्कर ए. सावंत से स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति, अलवर के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष गौरीशंकर विजय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 15 अगस्त की संध्या को अलवर में आयोजित होने वाले “स्वतंत्रता गौरव उत्सव” कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किया और उन्हें कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया।

    गौरतलब है कि यह उत्सव बीते 9 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश के स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनकी वीरता को जनमानस के सामने लाना और भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाना है। यह आयोजन न केवल अलवर बल्कि पूरे देश में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में पहचाना जाता है।

    पूर्व कलेक्टर रहते हुए निभाई अहम भूमिका

    इस अवसर पर समिति के सदस्यों मनोज गुप्ता और दीपक अग्रवाल ने बताया कि आईएएस भास्कर ए. सावंत ने अलवर जिला कलेक्टर के रूप में कार्य करते हुए शहर के कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक के लिए ₹29 लाख का बजट स्वीकृत कराया था। उनके इस प्रयास से स्मारक को नया स्वरूप प्राप्त हुआ और वह आज अलवर का एक प्रमुख प्रेरणास्थल बन चुका है।

    उन्होंने आगे बताया कि भासकर सांवत ने अलवर के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएं दीं, लेकिन उन्होंने हर स्थान पर समिति के कार्यों की सराहना की और इस राष्ट्रीय भावना से जुड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में निजी और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग किया। वे अब भी समिति को समय-समय पर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

    जयपुर में भव्य आयोजन की तैयारी

    प्रतिनिधिमंडल ने यह भी साझा किया कि समिति अब इस आयोजन को अलवर के साथ-साथ अन्य जिलों व राज्यों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है। ऐसे में भास्कर सावंत जैसे वरिष्ठ अधिकारी का समर्थन और मार्गदर्शन समिति के लिए उत्साहवर्धक और मार्गदर्शक साबित होता है।

    इस विशेष भेंट के दौरान समिति की ओर से डॉ. मंजू विजय, दिलीप विजय, और अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। भास्कर सावंत ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं और यथासंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

    गौरव उत्सव: श्रद्धांजलि और संकल्प

    स्वतंत्रता गौरव उत्सव का मुख्य उद्देश्य देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद करना, उनकी कुर्बानियों को नई पीढ़ी के समक्ष रखना और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। समिति अध्यक्ष गौरीशंकर विजय ने बताया कि यह केवल एक आयोजन नहीं बल्कि एक जन आंदोलन है, जिसका उद्देश्य देशवासियों को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है।

    15 अगस्त की संध्या को आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, दीप प्रज्वलन, श्रद्धांजलि समारोह, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों को नमन किया जाएगा। यह आयोजन जनभागीदारी का प्रतीक बनकर पूरे अलवर जिले की सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति चेतना को एकत्र करता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here