अलवर में 17-18 अगस्त को श्री चंद्रप्रभु विकलांग कल्याण समिति द्वारा मुफ्त फिजियोथैरेपी, आयुर्वेदिक नेत्र चिकित्सा व बीपी-शुगर जांच शिविर का आयोजन।
मिशनसच न्यूज़, अलवर। श्री चंद्रप्रभु विकलांग कल्याण समिति, अलवर की बैठक संबल भवन, अलवर में अध्यक्ष अशोक जैन अगोनीज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति के स्थापना दिवस के अवसर पर 17 और 18 अगस्त 2025 को मुफ्त चिकित्सा सेवाओं के कई शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर फिजियोथैरेपी, आयुर्वेदिक नेत्र चिकित्सा और बीपी-शुगर जांच जैसी सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
दो दिवसीय एक्यूप्रेशर शिविर
समिति के महामंत्री नरेन्द्र जैन रामगढ़ ने बताया कि एक्यूप्रेशर सेवा समिति, केसरगढ़, जयपुर के सौजन्य से 17 और 18 अगस्त को दो दिवसीय एक्यूप्रेशर शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉक्टर पीयूष त्रिवेदी मरीजों को विशेष उपचार सेवाएं देंगे।
इस शिविर में जोड़ों का दर्द, हड्डी रोग, नसों की बीमारियां, गठिया, स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क, कमर दर्द, साइटिका, गर्दन की अकड़न, माइग्रेन, थायराइड, नाभि का खिसकना, शरीर में सुन्नपन, लकवा और चक्कर आने जैसी समस्याओं का उपचार किया जाएगा।
आयुर्वेदिक नेत्र चिकित्सा शिविर
18 अगस्त को आयुर्वेदिक नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में डॉ. भारत भूषण (आयुर्वेदिक केयर सेंटर, गुरुग्राम) और उनकी टीम द्वारा आंखों की गंभीर बीमारियों का इलाज और परामर्श दिया जाएगा।
इनमें काला मोतिया, आंखों का सूखापन और अन्य दृष्टि संबंधी समस्याओं का इलाज शामिल होगा।
बीपी और शुगर जांच
18 अगस्त 2025 को शिविर में बीपी, शुगर और HBA1c जांच भी पूरी तरह मुफ्त की जाएगी।
समिति की नियमित सेवाएं
गौरतलब है कि श्री चंद्रप्रभु विकलांग कल्याण समिति, अलवर द्वारा नियमित रूप से फिजियोथैरेपी सेवाएं (डॉ. रुपेश गुर्जर) और होम्योपैथिक चिकित्सा (डॉ. एसपी शर्मा) उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बैठक में उपस्थित सदस्य
बैठक में खिल्लीमल जैन, हरीश कालरा, कैप्टन सीताराम शर्मा, ताराचंद अग्रवाल, कैलाशचंद गुप्ता, सरला सचेती समेत कई सदस्य मौजूद रहे।


