बहरोड़ क्षेत्र में भाजपा नेता डॉ. मोहित जसवंत यादव ने नंगला रूंध में श्मशान घाट की चारदीवारी और शेरपुर में नवनिर्मित जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और विकास ही मजबूत समाज की पहचान हैं।
मिशनसच न्यूज, बहरोड़ (अलवर):
बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र में शनिवार का दिन विकास कार्यों के नाम रहा। भाजपा नेता डॉ. मोहित जसवंत यादव ने क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन कर ग्रामीणों को नई सौगात दी। पहला कार्यक्रम नंगला रूंध गांव में आयोजित हुआ, जहां उन्होंने श्मशान घाट की चारदीवारी का उद्घाटन किया। इस चारदीवारी निर्माण से गांववासियों को अब एक सुरक्षित और व्यवस्थित अंतिम संस्कार स्थल की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने डॉ. मोहित यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्माण कार्य लंबे समय से प्रतीक्षित था, जिससे अब लोगों को अत्यधिक राहत मिलेगी। डॉ. यादव ने मौके पर कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि हर गांव को स्वावलंबी और सशक्त बनाना है। जहां सम्मानपूर्वक जीवन की सुविधाएं हों, वहीं सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की भी व्यवस्था होनी चाहिए।”
इसके बाद उन्होंने शेरपुर गांव में नवनिर्मित आधुनिक जिम का उद्घाटन किया। यह जिम स्थानीय युवाओं को फिटनेस और खेलों की दिशा में प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
डॉ. मोहित यादव ने कहा कि “स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही एक मजबूत समाज की नींव रखते हैं। भाजपा सरकार खेलों और युवाओं के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।” उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही अलवर सांसद खेल उत्सव के तहत बहरोड़ की क्रिकेट टीम का चयन किया जाएगा, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि डॉ. मोहित यादव अलवर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमिटी के सदस्य भी हैं। वे लगातार बहरोड़ क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसर लाने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर डॉ. यादव ने कहा — “हमारा संकल्प है कि बहरोड़ क्षेत्र का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। चाहे मूलभूत सुविधाएं हों या युवाओं के लिए अवसर — हर दिशा में हम काम कर रहे हैं।”
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। प्रमुख उपस्थितजनों में श्रीमती सरोज यादव (प्रधान), बस्तीराम यादव एडवोकेट, प्रशांत यादव (मण्डल अध्यक्ष बहरोड़), राजेश फौजी (मण्डल अध्यक्ष बर्डोद), अनिल बोहरा, हवासिंह (सरपंच), कर्मवीर यादव (महामंत्री), मन्नू सेनी (महामंत्री), सत्येन्द्र यादव (महामंत्री) और मनीष गुर्जर (उपाध्यक्ष) शामिल रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा नेता के नेतृत्व में बहरोड़ में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं — चाहे सड़कें हों, सामुदायिक स्थल या खेल सुविधा — हर क्षेत्र में परिवर्तन साफ दिख रहा है।


