आकस्मिक दौरे के कारण कर्मचारियों में हलचल रही
मिशनसच न्यूज, किशनगढ़बास। प्रमुख शासन सचिव, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के निर्देशानुसार वरिष्ठ शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) के. आर. मीना के नेतृत्व में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने सोमवार को खैरथल–तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में विभिन्न राजकीय कार्यालयों एवं विभागों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में महेन्द्र कुमार सरावता, कैलाश मीणा (अनुभागाधिकारी), चेना राम भदाला (सहायक अनुभागाधिकारी), कृष्णावतार कटारिया तथा तरुण कुमार मीणा (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) शामिल रहे। दल द्वारा प्रातः 9:40 बजे से निरीक्षण कार्य प्रारंभ किया गया।
के. आर. मीना ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 14 उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की गई। जांच में कुल 178 अधिकारी एवं कर्मचारी दर्ज पाए गए, जिनमें से 99 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले। आंकड़ों के अनुसार राजपत्रित अधिकारियों में लगभग 50 प्रतिशत (19) तथा अराजपत्रित कर्मचारियों में लगभग 57 प्रतिशत (80) की उपस्थिति नहीं पाई गई।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई कार्यालयों में उपस्थिति पंजिकाएं निर्धारित मापदंडों के अनुसार संधारित नहीं की जा रही हैं। इसके साथ ही अनेक विभागों में साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई तथा रिकॉर्ड संधारण अव्यवस्थित स्थिति में मिला। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग द्वारा समय-समय पर जारी परिपत्रों की भी समुचित पालना नहीं की जा रही थी।
निरीक्षण दल द्वारा अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के लिए रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत करने की कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


