राज्य बीमा पॉलिसी का काम शुरू
मिशनसच न्यूज खैरथल-तिजारा। संयुक्त निदेशक, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग सुरभि कुमारी चौधरी ने बताया कि खैरथल–तिजारा जिले के समस्त राज्य कर्मचारी, जिनकी जन्म तिथि 1 अप्रैल 1966 से 31 मार्च 1967 के मध्य है, उनके जीवन पर जारी राज्य बीमा पॉलिसी 1 अप्रैल 2026 को भुगतान हेतु परिपक्व हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि ऐसे सभी राज्य कर्मचारियों को अपना परिपक्वता दावा (मैच्योरिटी क्लेम) निर्धारित दस्तावेजों सहित अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से न्यू एसआईपीएफ पोर्टल पर 10 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन अपलोड करना होगा, जिससे स्वत्व राशि के अग्रिम भुगतान आदेश समय पर जारी किए जा सकें।
परिपक्वता दावा प्रस्तुत करते समय कर्मचारी को परिशिष्ट “क”, पदस्थापन विवरण, मूल बीमा पॉलिसी बॉण्ड (दोनों ओर से), बीमा पासबुक/रिकॉर्ड बुक, कैंसिल चेक अथवा बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की प्रति तथा अंतिम बढ़ी हुई बीमा कटौती से संबंधित अधिक घोषणा पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। ऐसे कर्मचारियों की बीमा कटौती दिसंबर 2025 से बंद कर दी जाएगी।
संयुक्त निदेशक सुरभि कुमारी चौधरी ने समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) को निर्देश दिए हैं कि उनके अधीनस्थ वे कर्मचारी जिनकी सेवानिवृत्ति 31 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है, उनके बीमा से संबंधित सभी दस्तावेजों के साथ जीपीएफ पासबुक, कैंसिल चेक/बैंक पासबुक की प्रति, परिशिष्ट ‘क’ एवं सेवानिवृत्ति आदेश को भी पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सेवानिवृत्ति तिथि से 60 दिवस पूर्व सभी प्रकरणों को ऑनलाइन भिजवाना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए कर्मचारी विभागीय कार्यालय के दूरभाष संख्या 0144-2980410, विभागीय वेबसाइट अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india

