More
    Homeराज्यमध्यप्रदेश‘‘सरल संयोजन पोर्टल‘‘ के माध्यम से घर बैठे मिल रहे नवीन बिजली...

    ‘‘सरल संयोजन पोर्टल‘‘ के माध्यम से घर बैठे मिल रहे नवीन बिजली कनेक्शन

    भोपाल : अब आपके परिसर में बिजली का नवीन कनेक्शन लेना हुआ और भी आसान और सुविधाजनक। नवीन बिजली कनेक्शन के लिए अब आपको किसी भी कार्यालय जाने और परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब आपको नवीन बिजली कनेक्शन के लिए केवल ऑनलाइन माध्यम से एक आवेदन करना है और ऑनलाइन ही जरूरी दस्तावेज अपलोड कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते ही तय समय-सीमा में आपको बिजली कंपनी द्वारा कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से घर बैठे ही उपभोक्ताओं को नवीन बिजली कनेक्शन बहुत ही कम समय में उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इस सुविधा से एक ओर जहॉं उपभोक्ताओं को आसानी से बिजली कनेक्शन मिल रहे हैं वहीं दूसरी ओर इस ऑनलाइन प्रक्रिया से उपभोक्ताओं और बिजली कंपनी के समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है।

    मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि उपभोक्ताओं को नवीन विद्युत कनेक्शन प्रदान किये जाने के लिये कंपनी की अत्यंत पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल https://saralsanyojan.mpcz.in:8888/fetch_samagra_detail पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से कंपनी द्वारा  नवीन कनेक्शन बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के जारी किये जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को नवीन कनेक्शन के लिये मात्र दो दस्तावेज क्रमशः आवेदक का पहचान पत्र एवं परिसर के स्वामित्व या अधिवास संबंधी साक्ष्य ऑनलाइन अपलोड करना आवश्यक होता है। माननीय विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान प्राप्त होने तथा तकनीकी रूप से साध्य पाये जाने पर, तय समय-सीमा यथा कमिश्नरी मुख्यालय में 5 दिवस, अन्य शहरी क्षेत्र में 7 दिवस तथा ग्रामीण क्षेत्र में 15 दिवस के भीतर निर्बाध रूप से विद्युत कनेक्शन समस्त कंपनी क्षेत्र में प्रदाय किये जा रहे हैं। नवीन कनेक्शन प्राप्त करने के लिये उपभोक्ताओं को कंपनी के किसी भी कार्यालय में संपर्क करने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिये कंपनी ने कृषि उपभोक्ताओं को कृषि पंप के लिये एवं ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को मात्र 5 रूपये में कनेक्शन प्रदान करने की सुविधा भी उपरोक्त लिंक पर उपलब्ध है। कंपनी द्वारा अब तक मात्र 5 रूपये में लगभग 26 हजार कृषि उपभोक्ताओं और लगभग 12 हजार ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को कनेक्शन प्रदान किये गये हैं।  

     गौरतलब है कि विगत दिनों कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर संज्ञान लेते हुए कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि नवीन कनेक्शन संबंधी सुविधाओं के लिये अनधिकृत व्यक्तियों से संपर्क नहीं करें तथा उपलब्ध ऑनलाइन प्रक्रिया का लाभ उठाएं। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया के पालन में कठिनाई होने पर वे एम.पी. ऑनलाइन कियोस्क में जाकर निर्धारित शुल्क मात्र 59 रूपये का भुगतान कर ऑनलाइन कनेक्शन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

     मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा है कि विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति करने के साथ त्वरित उपभोक्ता सुविधाएं उपलब्ध कराना कंपनी का प्राथमिक दायित्व है। कंपनी द्वारा अनधिकृत रूप से कार्य करने वालों के विरूद्ध तथ्यात्मक परीक्षण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं और जॉचोपरांत ऐसे प्रकरणों में लिप्त पाए जाने वाले दोषी व्यक्ति अथवा कार्मिकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here