More
    Homeराजस्थानअलवरनवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय में पूर्व छात्र सम्मेलन एवं अखिल भारतीय...

    नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय में पूर्व छात्र सम्मेलन एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित

    विद्यालय विकास के लिए करोड़ों की घोषणाएँ, गुरुजनों का सम्मान, साहित्यिक रंग में रंगा समारोह

    मिशनसच न्यूज,  अलवर। पीएम श्री राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय, अलवर में रविवार को पूर्व छात्र सम्मेलन एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर से आए पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के विकास में सहभागिता के साथ-साथ गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त करना रहा।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व छात्र एवं राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा रहे। उन्होंने विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर शेड निर्माण हेतु विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने पूर्व छात्रों से विद्यालय से जुड़े रहने और विकास कार्यों में निरंतर सहयोग का आह्वान किया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं उद्योगपति विजय डाटा ने की। उन्होंने सामाजिक निगमित दायित्व (CSR) के अंतर्गत विद्यालय विकास के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं, समाजसेवी चार्टर्ड अकाउंटेंट श्रीकृष्ण गुप्ता ने 5 लाख रुपए का सहयोग विद्यालय को प्रदान करने की घोषणा की।

    इसके अतिरिक्त पूर्व छात्र एवं भामाशाहों द्वारा भी उदार सहयोग की घोषणाएँ की गईं। ज्योति कुमार जैन ने 51 हजार रुपए, निशा ज्योति शर्मा ने 21 हजार रुपए, अरविंद कुमार शुक्ला ने 11 हजार रुपए, जबकि विनीत चौहान, राजेश मुखीजा एवं अशोक आहूजा ने 11-11 हजार रुपए विद्यालय विकास हेतु प्रदान किए। अन्य पूर्व छात्रों ने भी सामर्थ्य अनुसार आंशिक सहयोग किया। इस अवसर पर समस्त अतिथियों द्वारा योगदान देने वाले भामाशाहों एवं शाला मित्रों का सम्मान किया गया।

    कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी महेश शर्मा, नीलेश खंडेलवाल, डॉ. के. सी. गागल एवं अपना घर आश्रम के अध्यक्ष अर्जुन तख्तानी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने पर बल दिया।

    विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश मुखीजा ने सभी पूर्व विद्यार्थियों एवं गुरुजनों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान स्वागत उद्बोधन, स्लाइड शो प्रस्तुति, छात्र जीवन से जुड़े संस्मरण, गुरुजन सम्मान एवं अतिथि अभिनंदन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन। कवि सम्मेलन की शुरुआत मथुरा से पधारी कवयित्री पूनम वर्मा द्वारा मां शारदा की वंदना से हुई। हास्य कवि विकास बोरवाल (मथुरा) ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को ठहाकों से भर दिया। कवि सम्मेलन का कुशल संचालन राष्ट्रीय कवि विनीत चौहान ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय कवि बलवीर सिंह करुण ने की।
    फरीदाबाद से आए गीत एवं ग़ज़ल गायक दीपक गुप्ता ने अपनी मधुर ग़ज़लों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। दिल्ली से पधारे हास्य कवि अनिल अग्रवंशी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को हँसने पर मजबूर कर दिया। वहीं अलवर के कवि रामचरण राग ने बचपन पर आधारित कविता सुनाकर सभी के दिलों को छू लिया।

    इस अवसर पर शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा, गजराज शर्मा, संजू शर्मा, यशपाल त्रिपाठी, रेनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नागरिक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित अशोक आहूजा को भी मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक आहूजा, महेंद्र चौहान, सुभाष अग्रवाल, जसवंत सिंह, महेश मुद्गल, सुबे सिंह यादव, राजेश लवानिया, मनोज गुप्ता एवं इन्द्र गोयल का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
    सम्मानित गुरुजनों में जगदीश बांगा, अशोक माथुर एवं रामचरण सेन ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि नरेंद्र माथुर, रामचंद्र शर्मा, भगवान स्वरूप सैनी, मधुसूदन शर्मा एवं विजेंद्र यादव सहित 25 शिक्षकों को माला एवं चांदी का सिक्का भेंट कर सम्मानित किया गया।

    आयोजन में QRG फाउंडेशन, नगर विकास न्यास, नगर निगम अलवर एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग का भी विशेष सहयोग रहा। समारोह ने विद्यालय के गौरवशाली अतीत, सशक्त वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य को एक मंच पर जोड़ते हुए शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा का प्रेरक संदेश दिया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
    https://missionsach.com/category/india

    (अगर आपकी पत्रकारिता में रूचि है तो वाट्सएप करे : 9649856000 और बन सकते है मिशन सच न्यूज वेबसाइट के संवाददाता  )

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here