More
    Homeराज्यमध्यप्रदेश'भगवान शिव की तुलना संघ से करना आस्था का अपमान', पंडित प्रदीप...

    ‘भगवान शिव की तुलना संघ से करना आस्था का अपमान’, पंडित प्रदीप मिश्रा को दिग्विजय की दो टूक

    सीहोर: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सोमवार को सीहोर पहुंचे. यहां वो अपने पुराने हमलावर अंदाज में नजर आए. इछावर विधानसभा के ग्राम खेरी में पदयात्रा और मजदूरों से संवाद के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा को लेकर बड़ा बयान दिया, जिससे सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है.

    शिवजी की तुलना आरएसएस से करना आस्था का अपमान

    पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा भगवान शिव की तुलना आरएसएस से किए जाने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने सख्त आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि "प्रदीप मिश्रा एक अच्छे कथावाचक हैं, कथा सुनने के लिए लोग उनके पास जाते हैं इसमें कोई दिक्कत नहीं है. भगवान शिव की तुलना आरएसएस के साथ करना हमारी आस्था का अपमान है. शंकर भगवान के प्रति जो आस्था है उसके यह खिलाफ है. मैं इसकी घोर निंदा करता हूं."

    शिवराज सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

    मनरेगा श्रमिकों से संवाद करते हुए दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि "केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर और नया कानून लाकर गरीबों और मजदूरों के हितों की अनदेखी की है. शिवराज सिंह चौहान के मंत्री रहते हुए जो बदलाव किए जा रहे हैं, वे मजदूरों के खिलाफ हैं. कांग्रेस हमेशा किसानों और मजदूरों के साथ खड़ी रहेगी."

    उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि "अब राज्यसभा से मेरा कार्यकाल समाप्त होने वाला है. मैं 78 साल का हो गया हूं, पार्टी जो आदेश देगी वो काम करूंगा, राजनीति में सक्रिय रहूंगा." ग्राम खेरी में कार्यकर्ता मांगीलाल पटेल के घर रात्रि विश्राम करने के बाद सुबह दिग्विजय सिंह पैदल ही गांव की गलियों में निकल पड़े. उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की शिकायत की. दिग्विजय सिंह ने कहा कि इछावर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का संगठन बेहद मजबूत है और हम जनता की इन समस्याओं के लिए लड़ते रहेंगे.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here