More
    Homeदिनदहाड़े पत्रकार की बुलेट बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस...

    दिनदहाड़े पत्रकार की बुलेट बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस में मामला दर्ज

    किशनगढ़ बास में थाना से कुछ दूरी पर वारदात, व्यापारियों व पत्रकारों ने की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

    मिशनसच न्यूज, किशनगढ़ बास। किशनगढ़ बास कस्बे में पुलिस थाना से चंद कदमों की दूरी पर स्थित रैणी मौहल्ला में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पत्रकार के मकान के बाहर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पूरी घटना घर के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोरों का हुलिया साफ दिखाई दे रहा है। बाइक मालिक पत्रकार मुकेश सोनी ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कैद युवक की तस्वीर सौंपते हुए बाइक चोरी का मामला दर्ज कराया है। इससे पहले उन्होंने पुलिस सहायता केंद्र 100 नंबर पर सूचना भी दी।

    जानकारी के अनुसार यह घटना 15 जनवरी 2026 गुरुवार दोपहर की है। पत्रकार मुकेश सोनी अपनी पत्नी के साथ घरेलू कार्य से बाहर गए हुए थे। इस दौरान उनके घर के बाहर काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 सीसी, नंबर आरजे-आरएस-1831 खड़ी हुई थी। दोपहर करीब 3 बजे एक युवक मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए आया और बाइक को ले गया। जब परिजन घर लौटे तो बाइक गायब मिली। इसके बाद घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, जिसमें एक युवक बाइक चोरी करते स्पष्ट दिखाई दिया।

    बाइक चोरी की पुष्टि होने पर पत्रकार मुकेश सोनी ने स्वयं मामले की पड़ताल शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि दो युवक बाइक को पैदल खींचते हुए रैणी मौहल्ले के पीछे की ओर किले की दिशा में ले गए। इसके बाद उन्होंने घारी सिंघी और अस्पताल में कार्यरत कंपाउंडर दिनेश सोनी के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहां लगे कैमरे में दो युवक बाइक को किले की ओर ले जाते दिखाई दिए। फुटेज में एक युवक बाइक पर सवार दिखा, जबकि दूसरा युवक बाइक को धक्का देता नजर आया। दोनों का हुलिया स्पष्ट रूप से कैमरे में रिकॉर्ड हुआ।

    इसके बाद पत्रकार सोनी सीसीटीवी फुटेज लेकर आगे किले की ओर पहुंचे। वहां एक दुकानदार युवक ने बताया कि दोपहर के समय दो युवक पैदल बाइक ले जाते दिखाई दिए थे। दुकानदार ने उन्हें रोककर पूछताछ भी की थी, जिस पर उन्होंने बाइक स्टार्ट नहीं होने की बात कहकर आगे किले की ओर निकल जाने की बात कही। इसके बाद आगे बिहारी जी मंदिर से पहले एक मकान के बाहर लगे कैमरे की जांच की गई, लेकिन वह कैमरा चालू नहीं मिला।

    इसके पश्चात अहमदबास मौहल्ले की ओर जाने वाले मार्ग पर जांच की गई। मुख्य सड़क के कॉर्नर पर एक मकान में लगे कैमरे में युवक फिर बाइक के साथ दिखाई दिए। आगे सरसों के खेत में खड़ी फसल टूटी हुई मिली, जहां चोरों ने बाइक के तार काटकर डायरेक्ट कर बाइक को स्टार्ट किया। इसी कैमरे में कुछ मिनट बाद युवक बाइक स्टार्ट कर उस पर सवार होकर अहमदबास से टाकाहेड़ी गांव की ओर जाते दिखाई दिए।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को पत्रकार मुकेश सोनी पुलिस थाना पहुंचे और बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा को सीसीटीवी फुटेज में कैद चोर की तस्वीर भी सौंपी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    इस दौरान पत्रकार मुकेश सोनी के समर्थन में अनेक पत्रकार, व्यापारी और सामाजिक संगठन थाने पहुंचे। इनमें पत्रकार कमलेश पमनानी, व्यापार महासंघ अध्यक्ष परमानंद लखयाणी, मदन लाल अग्रवाल, प्रभु दयाल चंदनानी, संतोष अग्रवाल, हरमेश खुराना, विनय गोयल, मनोज व्यास, अनिल खुराना, ताराचंद बत्रा, प्रहलाद गुप्ता, ईश्वर टेलर, संदीप वलेचा, गोपाल गर्ग सहित व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बाइक शीघ्र बरामद करने और चोरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

    व्यापारियों और पत्रकारों ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में चोर का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, ऐसे में पुलिस को जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ना चाहिए। कस्बे में पुलिस थाना के पास दिनदहाड़े चोरी की घटना से आमजन में भी असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। लोगों ने कहा कि यदि थाना क्षेत्र में इस प्रकार खुलेआम चोरी हो रही है तो दूरदराज क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

    थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा ने पत्रकारों और व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द ही चोरों को पकड़कर बाइक बरामद की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की जा रही है।

    उल्लेखनीय है कि कस्बे में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं। दिनदहाड़े पत्रकार की बाइक चोरी की यह वारदात न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि आमजन में भी चिंता का विषय बनी हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब चोर गिरफ्त में आते हैं और पीड़ित पत्रकार को उसकी बाइक वापस मिलती है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here